मध्य प्रदेश में गर्मी का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है और तापमान कई जिलों में 41 डिग्री सेल्सियस के पार तक पहुंच गया है। जबलपुर में भी पारा 40 पहुंच चुका है, लिहाजा ऐसे में लोग गर्मी और धूप से बचने के लिए अलग-अलग तरह के इंतजाम भी करने में जुटे हुए है। जबलपुर के रिठौरी में रहने वाले एक युवक ने लू और गर्मी से बचने के लिए कुछ ऐसा उपाय किया है, जिसे जिसने भी देखा, बस देखते रह गए। युवक ने अपनी बाइक के ऊपर पत्तो की छत बनाई है, जो कि उसे गर्मी से बचाती है। 25 वर्षीय दीपक केवट के गर्मी से बचने के इस उपाय को जो भी देखता, वह बोलता, क्या जुगाड़ है।
रोजाना 50-60 किलोमीटर बाइक चलाकर जाता है ऑफिस
दरअसल, जबलपुर में गर्मी अब चरम सीमा पर है, इसे देखते हुए रिठौरी गांव में रहने वाले दीपक केवट ने बाइक के ऊपर हर पत्तों की छत बनाई है, जिसे बनाने में उसे 5 घंटे लगे। दीपक का कहना है कि वह प्राइवेट जॉब करता है। काम के लिए उसे रोजाना 50 से 60 किलोमीटर बाइक चलाना होता है। कई बार हेलमेट पहनकर, चेहरे में कपड़ा लपेटकर भी देखा पर धूप की तपन कम नहीं हुई।
आम-जामुन के पत्तों से बाइक पर बना ली छत
सोमवार को घर पर बैठे-बैठे दीपक को आइडिया आया कि क्यों न धूप से बचने के लिए कुछ जुगाड़ बनाया जाए। इसके बाद उसने जामुन, आम के पत्ते से बाइक के ऊपर छत बनाई। अब जब कभी भी वह घर से निकलता तो पत्तों पर पानी छिड़क देता था, जिससे कि ठंडी-ठंडी हवा आती है। दीपक का कहना है, कि उसके पास इतने पैसे नहीं थे कि वह कार खरीद सके, इसलिए यह तरीका अपनाया है।
लकड़ी से बनाया स्ट्रेचर
दीपक का कहना है कि पत्तों की छत बनाने से पहले स्ट्रेचर बनाया गया है। बाइक के चारों तरफ लकड़ी को बांधा गया और फिर उसके ऊपर रस्सी का जाल बनाकर पत्तीयां बिछी दी। बाइक के चलते समय पत्तीयां उड़े ना इसका भी ख्याल रखा गया है। दीपक का कहना है कि शुरू में गांव के लोग इसे देखकर हंस रहे थे, पर अब वहीं लोग बोल रहे है, कि हम भी इसी तरह से बाइक के ऊपर लगाएंगे।
दीपक ने बताया बाइक के ऊपर लगा यह छत मंडप के आकार का है, गांव के लोगों ने इसे जब यह नाम दिया तो, हमने भी कह दिया कि यही नाम ठीक रहेगा। चार से पांच दिन में ये पत्ते जब सूख जाते है, तो पत्तों को बदल दिया जाएगा।
देखें वीडियो-
बंदर है दीपक का दोस्त
दीपक के साथ उसका एक दोस्त बंदर भी हमेशा साथ में रहता है। उन्होंने बताया कि गर्मी के शुरुआत में वह और उसका साथी बंदर भी बीमार हो गया था। दोनों को धूप ना लगे, इसके लिए भी यह इंतजाम किया है। अब दोनों साथ में घूमते हैं, ना ही धूप की टेंशन है और ना ही गर्मी की।
जो देखता, वो कहता है 'वाह'
दीपक जबलपुर के जिस क्षेत्र में जाते, उनकी बाइक पर बने अनोखे मंडप को देखकर कहते हैं- क्या बात है। रांझी निवासी रमेश कुमार का कहना है कि यह देशी जुगाड़ बहुत ही उत्तम है, इसमें ना ही कुछ खर्चा आएगा, ना पैसे लगेंगे और धूप से भी बचा जा सकता है। रमेश का कहना है कि जल्द ही वह अपनी बाइक में भी इसी तरह की पत्तों वाली छत बनाएगा।
लोगों का खींच रहा ध्यान
यह अनोखा जुगाड़ अब जबलपुर की सड़कों पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। राहगीर दीपक की मोटरसाइकिल को देखकर रुक जाते हैं और उससे इस जुगाड़ के बारे में पूछते हैं। दीपक की मेहनत और रचनात्मकता की हर कोई तारीफ कर रहा है। स्थानीय निवासी राकेश शर्मा कहते हैं, “यह जुगाड़ दिखाता है कि अगर इरादा हो तो कम संसाधनों में भी बड़ी राहत पाई जा सकती है।
(जबलपुर से देबजीत देब की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
सिक्योरिटी गार्ड का ये वाला जुगाड़ देखा आपने? Video हो रहा है वायरल
दरभंगा स्टेशन पर खड़ी एक ट्रेन में दिखा गजब का नजारा, Video हो गया वायरल