एक नाव पर पिंजरे में कैद बाघ की रिहाई की गई, जिसका वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो पश्चिम बंगाल के सुंदरबन के घने मैंग्रोव जंगलों के बीचोबीच बह रही ब्रह्मपुत्र नदी का बताया जा रहा है। नदी में एक बाघ की रिहाई का यह वीडियो इतना रोमांचक है कि ये देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो को देखकर लोग न केवल रोमांचित हो रहे हैं, बल्कि उन्हें आजादी के असली मतलब का भी ज्ञान हो रहा है। आजादी की भावना होती ही कुछ ऐसी कि ये हर प्राणी के दिल में बसती है।
बंद पिंजरे से आजाद किया गया बाघ
वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बाघ को नाव पर से बंद पिंजरे से आजाद किया जा रहा है। इस दौरान बाघ इतना खुश होता है कि वह पिंजरे से छूटते ही नदी में छलांग लगाता है और नदी में तैरते हुए सरपट जंगलों की ओर भाग जाता है। बाघ की आजादी के इस रोमांचक पल को नाव पर सवार लोगों ने अपने कैमरे में कैद भी कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में आप देख सकते हैं कि बाघ पानी को तेजी से चीरता हुआ जंगल की ओर ऐसे बढ़ता है, मानो जैसे वह अपनी खोई हुई दुनिया को फिर से गले लगाने के लिए बेताब हो। इस नजारे ने सोशल मीडिया यूजर्स का दिल जीत लिया।
वीडियो को रिटायर्ड IFS अधिकारी ने शेयर किया
इस वायरल वीडियो को रिटायर्ड भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारी सुशांत नंदा ने सोशल साइट एक्स पर अपने अकाउंट @susantananda3 से शेयर किया है। वीडियो में नंदा ने कैप्शन में लिखा, “सुंदरबन में रेस्क्यू के बाद छोड़ा गया बाघ। यहां के बाघों ने मैंग्रोव इकोसिस्टम के अनुसार खुद को ढाल लिया है। हमारी रेस्क्यू टेक्निक भी उसी हिसाब से विकसित हो गई है। यह सिर्फ एक रेस्क्यू नहीं, बल्कि ग्रीन सोल्जर्स की मेहनत और समर्पण की कहानी है।” वीडियो को अब तक हजारों लोगों ने देखा और लाइक किया है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें:
बच्चों ने कार से मचाया तांडव, गली में खड़ी बाइकों को उड़ाया, CCTV में कैद हुआ हादसे का Video