बागपत जिले के बड़ौत क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें एक युवक जाट गाने की धुन पर कंधे पर बाइक उठाए जबरदस्त डांस कर रहा है। वीडियो दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर स्थित बड़ौत शहर कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है।
कंधे पर बाइक लिए डांस करता युवक
वीडियो में दिख रहे युवक का नाम आकाश बताया जा रहा है। आकाश अपने मित्र प्रदीप की शादी में शामिल होने पहुंचा था। गीत-संगीत के बीच जैसे ही DJ पर जाट गाना बजा, वैसे ही आकाश अपने कंधे पर बाइक उठाकर डांस करना शुरू कर दिया। उत्साह और जोश से भरपूर आकाश ने बाइक को अपने कंधे पर उठाए काफी देर तक डांस किया। आकाश की ताकत को देख वहां मौजूद लोग हैरान रह गए और अपने मोबाइल से वीडियो बनाने लगे।
वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड होते ही वायरल हो गया। लाखों लोग इसे देख चुके हैं और इस पर मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं। कोई आकाश को "असली बाहुबली" बता रहा है तो कोई कह रहा है कि "इसको माहिष्मती सम्राट ढूंढ रहा है।" बाइक उठाकर डांस करने का यह अंदाज लोगों को न सिर्फ हैरान कर रहा है बल्कि हंसी भी ला रहा है। हालांकि कुछ लोग इस तरह के स्टंट को सार्वजनिक जगहों पर खतरनाक भी बता रहे हैं। फिलहाल स्थानीय प्रशासन की ओर से इस वीडियो पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन यह वीडियो बागपत के युवाओं के जोश और मनोरंजन के अंदाज को जरूर दर्शाता है।
(बागपत से पारस जैन की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें:
'क्या मजबूरी रही होगी इसकी', विदा हो रही दुल्हन के साथ बैठे दूल्हे को देख लोग सोचने पर हुए मजबूर
अलग-अलग गाड़ियां लेकर रोज पेट्रोल पंप पहुंचता था शख्स, था सिर्फ एक ही मकसद, आखिरकार...