Sunday, February 08, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. 'शर्म करो, कैसे मां-बाप हो!', Reel के लिए पैरेंट्स ने बच्ची की जान डाली खतरे में, डैम की रेलिंग पर बैठा कराया स्टंट

'शर्म करो, कैसे मां-बाप हो!', Reel के लिए पैरेंट्स ने बच्ची की जान डाली खतरे में, डैम की रेलिंग पर बैठा कराया स्टंट

राजस्थान के भरतपुर जिले के बंध बारैठा से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक माता-पिता अपनी सात साल की मासूम बेटी को सोशल मीडिया रील बनाने के लिए बांध की रेलिंग पर लगे लोहे के एंगल पर बैठाते दिख रहे हैं। यह स्थान 25 फीट गहरे पानी के ऊपर है, जहां जरा सी चूक बच्ची की जान ले सकती थी।

Written By: Pankaj Yadav @ThePankajY
Published : Jul 07, 2025 05:16 pm IST, Updated : Jul 07, 2025 05:17 pm IST
रील के लिए मां-बाप ने बच्ची को बांध के किनारे लगे लोहे के एंगल पर बैठाया- India TV Hindi
Image Source : SOCIAL MEDIA रील के लिए मां-बाप ने बच्ची को बांध के किनारे लगे लोहे के एंगल पर बैठाया

रील बनाने का खुमार लोगों के सिर पर कुछ ऐसा चढ़ा हुआ है कि उन्हें अब सही-गलत का फर्क भी समझ नहीं आ रहा है। रील के लिए लोग अपनी जान तक दांव पर लगा रहे हैं। कई लोग इसी चक्कर में मौत को गले भी लगा ले रहे हैं। फिर भी लोग उन हादसों के बावजूद भी सुधरने का नाम नहीं ले रहे। रील के चक्कर में जान दांव पर लगाने का एक और ताजा मामला राजस्थान के भरतपुर से सामने आया है। जहां एक माता-पिता रील के चक्कर में अपनी ही बेटी की जान दांव पर खुशी-खुशी लगाते दिख रहे हैं। उन्हें इस बात की जरा भी परवाह नहीं उनकी एक एक चूक से उनकी बच्ची की जान भी जा सकती है। फिर भी वे हंसते हुए अपनी बच्ची से जानलेवा स्टंट करवा रहे हैं और उसका वीडियो भी बनवा रहे हैं। इन पैरेंट्स का यह वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। लोग इस वीडियो को देखने के बाद इन माता-पिता को जमकर सुना रहे हैं। जहां हर कोई यहीं कह रहा कि, "जरा शर्म करो, कैसे मां-बाप हो!"

माता-पिता ने खतरे में डाली बच्ची की जान

यह वायरल वीडियो रुदावल थाना क्षेत्र में स्थित बारैठा डैम का बताया जा रहा है। जहां ये माता-पिता अपनी मासूम बच्ची को लेकर घूमने के लिए आए थे। तभी बच्ची के पिता को रील बनाने का शौक चढ़ा और उसने अपनी छोटी बच्ची को बांध के किनारे लगे एक लोहे के एंगल पर बैठने के लिए मजबूर किया। जानकारी के अनुसार, मामला विगत 4 जुलाई का है, जब स्थानीय निवासी उमा शंकर अपनी पत्नी और मासूम बच्ची के साथ पास में स्थित बांध बारैठा देखने के लिए गए थे। तभी बांध के किनारे की रेलिंग से सटे लोहे के एंगल पर बच्ची को पानी के ऊपर चढ़ा दिया और रील बनाने लगे। मां भी पास में खड़ी है, लेकिन उसने बच्ची को रोकने की कोई कोशिश नहीं की। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बच्ची खतरनाक स्थिति में है और माता-पिता बेपरवाह होकर रील बनाने में व्यस्त हैं।

वीडियो को देख फूट पड़ा लोगों का गुस्सा

वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने माता-पिता की इस हरकत को गैर-जिम्मेदाराना और खतरनाक बताया। एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट कर लिखा, "आधुनिकता के इस दौड़ में सब अंधे होते जा रहे हैं। इतनी भी क्या जरूरत थी बच्ची को खतरे में डालने की!!" दूसरे ने कमेंट करते हुए बांध प्रशासन की लापरवाही पर भी सवाल उठाया और इस स्टंट को माता-पिता की बेवकूफी करार दिया। तीसरे ने लिखा कि रील की सनक में लोग अपनी और अपनों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। कुछ लोगों ने तो राजस्थान पुलिस @PoliceRajasthan को टैग कर कार्रवाई की मांग भी की है।

पिता ने वीडियो इंस्टाग्राम से किया डिलीट

जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ तो रील बनाने वाले पिता उमाशंकर ने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से डिलीट कर दिया। अभी तक पुलिस को उसकी जानकारी नहीं है लेकिन जिस तरह से वीडियो वायरल हो रहा है, उसके बाद संज्ञान में आने के बाद पुलिस कार्रवाई कर सकती है। गौरतलब है की इस बांध में हमेशा ही पानी भरा रहता है लेकिन इन दिनों बरसात की वजह से बांध लबालब भरा हुआ है। जहां अक्सर दूर-दराज और स्थानीय लोग पिकनिक मनाने और घूमने के लिए आते हैं।

(भरतपुर से कपिल चीमा की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

रैपिडो वाले को बुलाकर बंदे ने करवाया ये काम, Video सोशल मीडिया पर वायरल

बर्मिंघम की सड़कों पर भी दिखा आकाश दीप का जादू, अंग्रेजों की जुबां पर उनका नाम छाया, देखें VIDEO

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement