Hotel and Airbnb Difference : वर्तमान में छोटी-बड़ी ट्रिप प्लान करते समय रुकने की व्यवस्था करने का काम काफी मुश्किलें बढ़ा देता है। कई बार सुविधाएं पूरी नहीं मिलतीं तो कई बार महंगाई की मार ट्रिप में बाधा बनती है। ऐसे में लोग पहले से ही होटल या Airbnb देखना शुरू कर देते हैं। मगर, क्या आपको पता है कि, होटल और Airbnb में क्या अंतर है ? दरअसल, होटल और Airbnb की तुलना सबसे आम बहस है। दोनों ही विकल्प अलग-अलग जरूरतों को पूरा करते हैं। यदि आपको इसके बारे में नहीं पता है तो आज हम आपको इसके बारे में ही बताएंगे। साथ ही आपको ये भी बताएंगे कि, होटल और Airbnb में कौन सबसे ज्यादा सुविधाएं देता है और कौन पैसों की बचत कराता है।
होटल क्या होते हैं
होटल पर्यटकों और यात्रियों के लिए व्यावसायिक आवास की पारंपरिक व्यवस्था है। ये 1-स्टार बजट होटल से लेकर 7-स्टार लग्जरी होटल, रिसॉर्ट, हेरिटेज पैलेस, बुटिक होटल और बिजनेस होटल तक होते हैं। दिल्ली, मुंबई, गोवा, जयपुर, आगरा, केरलम और हिल स्टेशन्स में इनकी भरमार है। इनमें एसी कमरे, 24×7 रिसेप्शन, रूम सर्विस, रेस्तरां, हाउसकीपिंग, जिम, स्विमिंग पूल जैसी सुविधाएं मिलती हैं। सरकार द्वारा स्टार रेटिंग और सुरक्षा मानकों के तहत नियंत्रित होते हैं।
Airbnb क्या होते हैं
भारत में Airbnb एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म है जहां लोग अपने घर, अपार्टमेंट, विला, हवेली, फार्महाउस, ट्रीहाउस या बीच हाउस को पर्यटकों को किराए पर देते हैं। होटल की बजाय यह घर जैसा अनुभव, किचन, लिविंग स्पेस और लोकल फील प्रदान करता है। इनमें चेक-इन अक्सर सेल्फ-चेक-इन होता है और होस्ट पर निर्भरता रहती है। होटल की तरह ये भी देश के कई शहरों में सबसे लोकप्रिय है। 2026 में भारत में हजारों Airbnb लिस्टिंग्स हैं। यह प्लेटफॉर्म पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति और अनोखे ठहरने का मौका देता है।

होटल और Airbnb में कौन सबसे सुरक्षित
सुरक्षा की बात करें तो इसमें होटल आगे हैं क्योंकि इनमें की-कार्ड एक्सेस, सिक्योरिटी और स्टैंडर्ड प्रोटोकॉल की सुविधा मिलती है। हालांकि, Airbnb इस मामले में अभी होटल से पीछे हैं।
Hotel vs Airbnb : किसमें होगी पैसों की बचत
बता दें कि, होटल में औसतन ₹1,500 से ₹20,000+ प्रति रात तक का खर्च आता है। वहीं, Airbnb आमतौर पर रात के आधार पर सस्ता पड़ता है, खासकर परिवार या ग्रुप के लिए। Airbnb में एक बेडरूम औसतन ₹3,000-₹4,000 के आसपास पड़ता है। हालांकि, दोनों ही GST और स्थानीय नियमों के तहत चलते हैं। Airbnb में लंबा स्टे लेने पर एक फायदा ये है कि, उस पर काफी डिस्काउंट मिल सकते हैं। इसके अलावा किचन होने से खाने-पीने का खर्च बचता है। मगर, कम दिनों के स्टे की दशा में Airbnb में क्लीनिंग फीस, सर्विस फीस और टैक्स जोड़ने पर कुल खर्च होटल के बराबर या ज्यादा हो सकता है। यही वजह है कि जिन लोगों की यात्रा कम दिनों की होती है वो होटल को प्राथमिकता देते हैं जबकि, Airbnb लंबे स्टे और ग्रुप में पैसे बचाता है।
Hotel vs Airbnb : सुविधाओं में कौन बेहतर
होटल सुविधाओं में लगातार बेहतर हैं। डेली क्लीनिंग, जिम, पूल, स्पा, रेस्टोरेंट, कॉन्शिएज सर्विस और 24x7 सपोर्ट मिलता है। क्वालिटी स्टैंडर्ड होती है और हर बार समान अनुभव। Airbnb में सुविधाएं लिस्टिंग पर निर्भर करती हैं। कुछ में हॉट टब, प्राइवेट पूल या बेहतरीन लोकेशन मिल सकती है, लेकिन क्वालिटी से समझौता होने की संभावना रहती है। इसके साथ ही इसमें कोई डेली हाउसकीपिंग नहीं मिलती और समस्याओं में होस्ट या Airbnb सपोर्ट पर इंतजार करना पड़ सकता है।
होटल और Airbnb में किसे चुनें
ध्यान दें, अगर आप शॉर्ट ट्रिप या बिजनसे ट्रिप प्लान कर रहे हैं और आपको लगातार क्वालिटी, सुरक्षा, सुविधाएं (पूल, जिम) और आसान सर्विस चाहिए तो होटल चुनें। यदि आप परिवार/ग्रुप के साथ लंबी छुट्टियां प्लान कर रहे हैं और लोकल एक्सपीरियंस, किचन चाहते हैं तो Airbnb चुनें। होटल और Airbnb में किसे चुनें ये आपके बजट और जरूरतों पर निर्भर है। दोनों में किसी एक का चुनाव करने के लिए आप हमेशा रिव्यूज पढ़ें, लोकेशन चेक करें और कुल खर्च (फीस सहित) कैलकुलेट कर सकते हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
कभी सोचा है, रेलवे प्लेटफॉर्म की टिकट के किनारे छेद क्यों बने होते हैं, बेहद दिलचस्प है जवाब
अरब देशों को 'खाड़ी देश' क्यों कहते हैं, 99% लोगों को नहीं पता जवाब; क्या आपको मालूम है