1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. आसनसोल में नहाने के दौरान हादसा, 10वीं के 3 छात्रों की डूबने से मौत; स्कूल में एंट्री नहीं मिलने पर खेलने गए थे क्रिकेट

आसनसोल में नहाने के दौरान हादसा, 10वीं के 3 छात्रों की डूबने से मौत; स्कूल में एंट्री नहीं मिलने पर खेलने गए थे क्रिकेट

 Published : Jun 29, 2026 06:22 pm IST,  Updated : Jun 29, 2026 06:22 pm IST

डिसरगढ़ में दामोदर नदी में नहाने के दौरान डूबने से 10वीं के तीन छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि स्कूल में प्रवेश नहीं मिलने के बाद ये तीनों छात्र दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलने गए थे और फिर नदी में नहाने के दौरान यह हादसा हो गया।

नदी में नहाने के दौरान डूबने से 10वीं के तीन छात्रों की मौत - India TV Hindi
नदी में नहाने के दौरान डूबने से 10वीं के तीन छात्रों की मौत Image Source : INDIA TV

पश्चिम बर्धमान जिले के आसनसोल से एक बेहद ही दर्दनाक खबर सामने आ रही है। यहां नदी में नहाने के दौरान डूबने से 10वीं के तीन छात्रों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों छात्रों को स्कूल में प्रवेश नहीं मिला था, जिसके बाद ये सभी दोस्तों के साथ साथ क्रिकेट खेलने चले गए। इसके बाद तीन छात्र नदी में नहाने के लिए चले गए और इसी दौरान यह हादसा हो गया। तीनों छात्रों की पानी में डूबने से मौत हो गई। इस हादसा की जानकारी मिलते ही इन छात्रों का बचाने का अभियान भी चलाया गया लेकिन अफसोस कि इसमें सफलता नहीं मिल सकी।

इसलिए स्कूल में नहीं मिल पाई थी एंट्री

यह पूरी घटना पश्चिम बर्धमान जिले के आसनसोल के कुल्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत डिसरगढ़ की है।  यहां के दामोदर नदी में नहाने के दौरान डूबने से कक्षा 10 के तीन छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उन्हें नदी की गहराई और तेज बहाव का अंदाजा नहीं था। कुछ ही देर में तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल कुल्टी थाना पुलिस को सूचना दी।इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि नियामतपुर के एक निजी अंग्रेजी माध्यम स्कूल के आठ छात्र शनिवार को स्कूल नहीं आए थे। आरोप है कि इसी कारण सोमवार को उन्हें स्कूल में प्रवेश नहीं दिया गया। इसके बाद सभी छात्र डिसरगढ़ स्थित नदी किनारे एक मैदान में क्रिकेट खेलने चले गए।

दामोदर नदी में नहाने के दौरान बिगड़ा संतुलन

क्रिकेट खेलने के बाद तीन छात्र दामोदर नदी में नहाने के लिए उतरे। इसी दौरान वे संतुलन खो बैठे और गहरे पानी में डूब गए। सूचना मिलते ही कुल्टी थाना पुलिस और स्थानीय लोगों ने बचाव अभियान चलाया। तीनों छात्रों को बाहर निकालकर आसनसोल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

(रिपोर्ट- बिज्जू मंडल)

ये भी पढ़ें-

तेज रफ्तार पिकअप ने डिलीवरी ब्यॉय को मारी टक्कर, मौके पर तोड़ा दम; CCTV में दर्दनाक हादसा कैद

पश्चिम बंगाल में हिंसा और दंगों से निपटने की तैयारी, विधानसभा में पब्लिक सेफ्टी बिल पास, यूनिफॉर्म सिविल कोड बिल भी पेश होगा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।