1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. DRI ने पकड़ा 14 करोड़ का 24.4 किलो सोना, बांग्लादेश से भारत होती थी तस्करी

DRI ने पकड़ा 14 करोड़ का 24.4 किलो सोना, बांग्लादेश से भारत होती थी तस्करी

 Edited By: Swayam Prakash
 Published : Feb 13, 2023 07:49 pm IST,  Updated : Feb 13, 2023 07:49 pm IST

वित्त मंत्रालय ने बताया कि बांग्लादेश, त्रिपुरा, असम और पश्चिम बंगाल में स्थित सिंडिकेट बांग्लादेश से भारत में भारी मात्रा में सोने की तस्करी कर रहा था।

DRI ने जब्त किया 24.4 किलो सोना- India TV Hindi
DRI ने जब्त किया 24.4 किलो सोना Image Source : TWITTER

पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस की टीम ने 'ऑपरेशन ईस्टर्न गेटवे' के तहत 14 करोड़ रुपये की कीमत का 24.4 किलो सोना पकड़ा है। वित्त मंत्रालय ने बताया कि बांग्लादेश, त्रिपुरा, असम और पश्चिम बंगाल में स्थित सिंडिकेट बांग्लादेश से भारत में भारी मात्रा में सोने की तस्करी कर रहा था। राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार भी किया है। 

बेहद शातिराना तरीके से छिपाया था सोना

बता दें कि DRI ने जो सोना जब्त किया है, बाजार में उसकी कीमत करीब 14 करोड़ रुपये है। इस सोने की मात्रा कुल 24.4 किलोग्राम है। डीआरआई ने कहा कि आरोपियों ने सोने को पट्टियों के आकार में गाड़ियों में छिपाया था। साथ ही इन पट्टियों को पहने जाने वाले विशेष रूप से सिलवाए गए कमर बेल्ट में भी छिपाया गया था। 

बांग्लादेश, त्रिपुरा, असम और पश्चिम बंगाल तक तस्करी
अधिकारी ने कहा, "हमने 'ऑपरेशन ईस्टर्न गेटवे' नाम से एक ऑपरेशन शुरू किया, जिसमें सबसे पहले तस्करी के रैकेट का भंडाफोड़ करने के लिए खुफिया जानकारी इकट्ठा की गई। बांग्लादेश, त्रिपुरा, असम और पश्चिम बंगाल में स्थित सिंडिकेट त्रिपुरा में भारत-बांग्लादेश सीमा के जरिए बांग्लादेश से भारी मात्रा में सोने की तस्करी कर रहा था।"

सभी आठ लोगों को रंगे हाथ पकड़े गए
डीआरआई की टीमों को भारत-बांग्लादेश सीमा पर पश्चिम बंगाल, असम और त्रिपुरा में अलग-अलग जगहों पर तैनात किया गया था ताकि तस्करी सिंडिकेट के तौर-तरीकों का पता लगाया जा सके। अधिकारी ने कहा, "खुफिया जानकारी के आधार पर, सिंडिकेट के 8 लोगों की पहचान की गई और तीन जगहों पर एक साथ और अच्छी तरह से समन्वित अभियान में सभी आठ लोगों को रंगे हाथ पकड़ा गया।"

4 लोगों से 90 सोने की पट्टियां बरामद
डीआरआई ने कहा कि सिलीगुड़ी की टीम ने चार लोगों को पकड़ा, जब वह असम के बदरपुर जंक्शन से सियालदह जाने वाली ट्रेन में पश्चिम बंगाल के डालखोला रेलवे स्टेशन पर यात्रा कर रहे थे और उनके पास से 10.66 करोड़ रुपये मूल्य की 18.66 किलोग्राम वजन की 90 सोने की पट्टियां बरामद की गईं। इन पट्टियों को सभी ने विशेष रूप से सिलवाए गए कमर बेल्ट में छिपाया था। अधिकारी ने कहा, "अगरतला में एक अन्य टीम ने एक व्यक्ति को पकड़ा जो अगरतला के पास भारत-बांग्लादेश सीमा के पास चार पहिया वाहन में सवार था। उसके पास से 2.25 किलोग्राम वजन की दो सोने की छड़ें मिलीं, जिनकी कीमत 1.30 करोड़ रुपये थी, जो ड्राइवर की तरफ के सामने वाले दरवाजे के नीचे गुप्त रूप से छुपाई गई थी।"

इस वित्त वर्ष में DRI ने पकड़ा 1000 किलो सोना
असम के करीमगंज में एक अन्य टीम ने अगरतला से सियालदह जाने वाली ट्रेन में यात्रा कर रहे तीन लोगों को पकड़ा और उनके कब्जे से 2.03 करोड़ रुपये कीमत के 3.50 किलोग्राम वजन के आठ बार सोने की छड़ें जब्त कीं। अधिकारी ने कहा, "उक्त अभियान में, कुल मिलाकर 24.4 किलोग्राम वजनी तस्करी का सोना जब्त किया गया, जिसकी कीमत 14 करोड़ रुपये है और पकड़े गए सभी आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।" इस वित्त वर्ष में डीआरआई द्वारा सोना जब्त करने का आंकड़ा 1000 किलोग्राम को पार कर गया है।

ये भी पढ़ें-

DRI और इंडियन कोस्ट गार्ड ने तमिलनाडु तट से पकड़ा 17.74 किलो विदेशी सोना, इतने करोड़ है कीमत

सोना फिर उछलकर 57 हजार के करीब पहुंचा, चांदी हुई सस्ती, जानें दोनों कीमती धातु के ताजा भाव

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।