1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. न्‍यूज
  4. चुनाव से पहले बंगाल को दहलाने की साजिश नाकाम, एक हफ्ते में दूसरी बार भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

चुनाव से पहले बंगाल को दहलाने की साजिश नाकाम, एक हफ्ते में दूसरी बार भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 15, 2019 06:59 am IST,  Updated : Mar 15, 2019 06:59 am IST

आम चुनावों से पहले देश के पूर्वी राज्य पश्चिम बंगाल को दहलाने की साजिश एक बार फिर नाकाम कर दी गई है।

west bengal cid- India TV Hindi
west bengal cid

आम चुनावों से पहले देश के पूर्वी राज्‍य पश्चिम बंगाल को दहलाने की साजिश एक बार फिर नाकाम कर दी गई है। सीआईडी ने बांकुरा जिले के एक गांव में छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। इससे पहले 10 मार्च को भी पश्चिम बंगाल पुलिस ने 1000 किलो विस्‍फोटकों के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया था। 

पुलिस अधिकारी ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर सीआईडी टीम ने जिले के सलटोरा थाना क्षेत्र अन्तर्गत गांव में बुधवार रात में छापेमारी की। वहां से 2,650 किलोग्राम जिलेटिन की छड़ें, 6,650 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट और 52,500 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर आदि जब्त किए गए। इस सिलसिले में दो वाहन भी जब्त किए गए हैं। 

इससे पहले पश्चिम बंगाल स्‍पेशल टास्‍क फोर्स (एसटीएफ) ने दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 1000 किलो विस्‍फोटक तत्‍व बरामद किए थे। पुलिस से प्राप्‍त जानकारी के अनुसासर विस्‍फोटकों को ओडिशा से पड़ौसी राज्‍य पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले में ले जाया जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने वाहन को कब्‍जे में लेकर दो लोगों को हिरासत में लिया। इनके नाम इंद्रजीत भुई और पद्मोलोचोन डे है। पुलिस ने इसके पास से 27 बोरियों में भरा विस्‍फोटक पदार्थ पोटेशियम नाइट्रेट बरामद किया। पोटेशियम नाइट्रेट का इस्‍तेमाल बम बनाने में होता है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पश्चिम बंगाल