1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. कोलकाता: कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में बीजेपी का प्रदर्शन, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

कोलकाता: कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में बीजेपी का प्रदर्शन, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 08, 2020 02:11 pm IST,  Updated : Oct 08, 2020 02:50 pm IST

पश्चिम बंगाल में बीजेपी कार्यकर्ताओं की कथित हत्याओं को लेकर कोलकाता में बीजेपी कार्यकर्ता 'नबन्ना चलो' आंदोलन में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

Kolkata, lathicharge- India TV Hindi
कोलकाता: कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में बीजेपी का प्रदर्शन, लाठीचार्ज Image Source : ANI/TWITTER

कोलकाता:  पश्चिम बंगाल में बीजेपी कार्यकर्ताओं की कथित हत्याओं को लेकर कोलकाता में बीजेपी कार्यकर्ता 'नबन्ना चलो' आंदोलन में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।  इस दौरान हावड़ा के संतरागाछी में कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने  लाठीचार्ज किया और वाटर कैनन के साथ ही आंसू गैस का भी इस्तेमाल किया।

भाजपा के ‘नबन्ना मार्च’ के दौरान बृहस्पतिवार को उस समय पार्टी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई जब भगवा दल के सदस्यों ने बैरिकेड को लांघने का प्रयास किया। पुलिस ने यह जानकारी दी। राज्य में खराब होती कानून-व्यवस्था के खिलाफ कोलकाता और हावड़ा से भाजपा के हजारों कार्यकर्ताओं ने राज्य सचिवालय ‘नबन्ना' तक मार्च का आयोजन किया था। 

भाजपा के ‘नबन्ना मार्च’ के दौरान हावड़ा के संतरागाछी में कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने पानी की बौछारों, आंसू गैस का इस्तेमाल करने के साथ-साथ लाठियां भांजी। इसमें भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजू बनर्जी और सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो घायल हो गए। कोलकाता के हेस्टिंग्स इलाके में भी पुलिस ने लाठी-चार्ज किया। 

भाजपा सूत्रों ने बताया कि कोलकाता और हावड़ा से ‘नबन्ना’ तक दो-दो मार्च निकाले जा रहे थे। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस सरकार ने बुधवार को महामारी अधिनियम का हवाला देते हुए प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। साथ ही कहा था कि केवल मानकों का पालन करते हुए 100 लोगों के साथ लोकतांत्रिक रैलियों की इजाजत दी जाएगी। राज्य सरकार ने ‘नबन्ना’ को रोगाणुमुक्त करने के लिए आठ अक्टूबर से दो दिन तक इसे बंद किए जाने की घोषणा की थी।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।