1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल में 50 वर्षीय महिला ने आग लगाकर की आत्महत्या, परिवार ने मौत की वजह SIR को बताया

पश्चिम बंगाल में 50 वर्षीय महिला ने आग लगाकर की आत्महत्या, परिवार ने मौत की वजह SIR को बताया

 Published : Nov 29, 2025 11:18 pm IST,  Updated : Nov 29, 2025 11:20 pm IST

पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर लोगों में तनाव का माहौल है। 50 वर्षीय महिला की मौत के बाद मृतका के परिजन चुनाव आयोग पर निशाना साध रहे हैं।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : PTI

पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले में एक अधेड़ महिला ने आत्मदाह कर लिया। उसके परिजनों ने दावा किया है कि 4 नवंबर से शुरू हुए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के कारण वह गंभीर मानसिक तनाव में थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने परिवार के सदस्यों के हवाले से बताया कि अविवाहित मुस्तारा खातून काजी (50) अपने माता-पिता के साथ रहती थीं। वह 2002 की मतदाता सूची में नाम होने के बावजूद जारी एसआईआर सत्यापन को लेकर काफी चिंतित थीं। 

गणना प्रपत्र जमा करने के बाद थी तनाव में

पुलिस अधिकारी ने कहा, 'हमने उसे बार-बार आश्वस्त करने की कोशिश की कि उसे दस्तावेज प्रक्रिया में कोई कठिनाई नहीं होगी और उसने शुक्रवार को अपना गणना प्रपत्र भी जमा कर दिया था, लेकिन वह तनाव में थी। परिवार के सदस्यों ने देर रात आग की लपटें देखीं और उसे बचाने के लिए दौड़े। उसे भाटर ब्लॉक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।' 

गंभीर मानसिक तनाव में थी महिला

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कहा है कि उसकी मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच जारी है। घटना पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए भाटर ग्राम पंचायत सदस्य सैफुल हक ने कहा, 'उसे बार-बार कहा गया कि डरने की कोई बात नहीं है। फिर भी वह गंभीर मानसिक तनाव में थी।' 

मृतका के परिजनों ने चुनाव आयोग पर लगाया आरोप

हक ने निर्वाचन आयोग पर आरोप लगाते हुए कहा कि एसआईआर प्रक्रिया जल्दबाजी और अनियोजित तरीके से शुरू की गई। इसके परिणामस्वरूप कमजोर नागरिकों में भ्रम, घबराहट और मनोवैज्ञानिक संकट पैदा हो गया। बाद में स्थानीय विधायक मंगोबिंद अधिकारी ने परिवार से मुलाकात की और चेतावनी दी कि यदि ऐसी घटनाएं दोबारा हुईं तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।