1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. सीएम बनते ही एक्शन में आए शुभेंदु अधिकारी, लॉ एंड ऑर्डर के हालात की समीक्षा की, सोमवार को करेंगे बड़ी मीटिंग

सीएम बनते ही एक्शन में आए शुभेंदु अधिकारी, लॉ एंड ऑर्डर के हालात की समीक्षा की, सोमवार को करेंगे बड़ी मीटिंग

 Reported By: Onkar Sarkar, Edited By: Niraj Kumar
 Published : May 09, 2026 08:59 pm IST,  Updated : May 09, 2026 08:59 pm IST

शुभेंदु अधिकारी ने आज पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री की शपथ ली। इसके साथ ही उन्होंने फौरी तौर पर कानून-व्यवस्था के हालात की समीक्षा की। वे इस संबंध में सोमवार को एक बड़ी मीटिंग करनेवाले हैं।

Suvendu adhikari- India TV Hindi
शुभेंदु अधिकारी, सीएम, पश्चिम बंगाल Image Source : PTI

कोलकाता: मुख्यमंत्री की शपथ लेने के साथ ही शुभेंदु अधिकारी पूरी तरह से एक्शन में आ गए हैं। पार्टी के घोषणा पत्र के मुताबिक जनता से किए गए वादों को जमीन पर उतारने के लिए उन्होंने कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इस कड़ी में कानून-व्यवस्था का मुद्दा काफी अहम है।  शुभेंदु अधिकारी ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव दुष्यंत नरियाला, पुलिस महानिदेशक सिद्धनाथ गुप्ता और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। सूत्रों के अनुसार, बैठक में कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंद भी उपस्थित थे। सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री शुभेंदु ने पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई विभिन्न योजनाओं के संचालन के बारे में भी जानकारी ली और मुख्य सचिव को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि योजनाएं बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से जारी रहें। शुभेंदु ने 'राइटर्स बिल्डिंग' के जीर्णोद्धार कार्य की प्रगति के बारे में भी जानकारी ली, जो अगला राज्य सचिवालय होगा। 

सोमवार को होगी बड़ी मीटिंग

वहीं यह जानकारी भी सामने आई है कि शुभेंदु अधिकारी सोमवार को राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर एक बड़ी मीटिंग करेंगे। यह मीटिंग राज्य के DG, CP और SPs के साथ शाम 5 बजे नबन्ना के मीटिंग रूम में होगी। यह भी बताया गया कि हो सकता यह मीटिंग की जगह भी बदली जाए।  मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की पुलिस प्रशासन के साथ यह पहली मीटिंग होगी। इस मीटिंग में चुनाव के बाद होने वाली हिंसा से महिलाओं की सुरक्षा और राज्य के कानून व्यवस्था पर चर्चा होगी।

सुब्रत गुप्ता होंगे शुभेंदु अधिकारी के सलाहकार

उधर, भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के रिटायर्ड अधिकारी सुब्रत गुप्ता को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का सलाहकार नियुक्त किया गया। शनिवार को जारी अधिसूचना में यह जानकारी दी गयी। अधिसूचना के मुताबिक, 1990 बैच के अधिकारी गुप्ता को हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों से पहले हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त किया गया था। एक अधिकारी ने बताया, "गुप्ता के व्यापक अनुभव से नई सरकार को नीति समन्वय और शासन संबंधी मामलों में मदद मिलने की उम्मीद है।" 

शांतनु बाला शुभेंदु की निजी सचिव

एक अन्य अधिसूचना के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नई सरकार ने आईएएस अधिकारी शांतनु बाला को मुख्यमंत्री का निजी सचिव भी नियुक्त किया। अधिसूचना में बताया गया कि 2017 बैच के अधिकारी बाला इससे पहले दक्षिण 24 परगना के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट थे। एक अन्य अधिकारी ने बताया, "बाला की नियुक्ति सरकार परिवर्तन के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय के पुनर्गठन का हिस्सा है।" अधिसूचनाओं के अनुसार, दोनों अधिकारियों को तत्काल अपने नए कार्यभार संभालने के लिए कहा गया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।