आसनसोल स्थित पश्चिम बर्द्धमान जिला न्यायालय में उस समय हड़कंप मच गया जब जजों को संबोधित एक धमकी भरा ई-मेल मिला। इसमें अदालत परिसर और जजों के चैंबर में 15 RDX बम से विस्फोट करने की चेतावनी दी गई है। जैसे ही ई-मेल अधिकारियों के संज्ञान में आया, सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए गए। स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब स्क्वॉड) तत्काल जांच में जुट गया। पूरे कोर्ट परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।
ई-मेल में क्या लिखा गया?
ई-मेल में कई गंभीर और भयावह दावे किए गए हैं। जज और कोर्ट निशाने पर- संदेश में स्पष्ट रूप से कोर्ट रूम और जजों के चैंबर को निशाना बनाने की बात कही गई है। भेजने वाले ने दावा किया है कि कोर्ट के महत्वपूर्ण स्थानों पर C-4 और RDX का इस्तेमाल कर 11 IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) पहले ही लगाए जा चुके हैं।
पाकिस्तानी कनेक्शन का दावा
ई-मेल में तमिलनाडु पुलिस के डीजीपी और वहां के पुलिसकर्मियों का उल्लेख करते हुए कथित तौर पर हमले का कारण बताया गया है। संदेश में ‘आईएसआई सेल’ और ‘पूर्व माओवादी सदस्यों’ का नाम लेकर दहशत फैलाने की कोशिश की गई है।
पहले भी मिल चुके हैं ऐसे ई-मेल
हाल के दिनों में रांची, देहरादून और ओडिशा की अदालतों को भी इसी तरह के धमकी भरे ई-मेल मिले थे। जांच के बाद उनमें से कई मामले फर्जी (हॉक्स) या अफवाह साबित हुए थे। हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस इस धमकी को पूरी तरह गंभीरता से ले रही है।
पुलिस अब ई-मेल के आईपी एड्रेस और भेजने वाले की वास्तविक लोकेशन का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में किसी शरारती तत्व या दहशत फैलाने वाले गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल कोर्ट परिसर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और पुलिस की निगरानी जारी है।
(रिपोर्ट- बीजू मंडल)
यह भी पढ़ें-