पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में वोटिंग के सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं। पहले चरण में शाम पांच बजे तक 92 फीसदी से ज्यादा मतदान दर्ज किया गया है। बंगाल में पहले चरण में रिकॉर्ड वोटिंग के बाद दूसरे फेज के लिए भी बीजेपी पूरी ताकत के साथ प्रचार कर ही है। इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुरसुराह में रैली को संबोधित किया और ममता सरकार पर जमकर बरसे। अमित शाह ने कहा कि ममता सरकार घुसपैठियों बचाती है। बीजेपी सरकार बनने के बाद हम एक-एक घुसपैठियों को बंगाल के बाहर करेंगे। रैली के दौरान अमित शाह ने ये भी कहा कि बंगाल में पहले फेज में ही TMC का सूपड़ा साफ हो गया है।
क्या बोले अमित शाह?
अमित शाह ने कहा- "आप 5 तारीख को भाजपा सरकार बना दो। हम पूरे बंगाल से चुन-चुन कर एक-एक घुसपैठिये को बंगाल से बाहर निकाल देंगे। बंगाल में अभी अभी मुझे कुछ लोग मिले, जो कह रहे थे कि अमित भाई, लोग वोट तो देना चाहते हैं, लेकिन गुंडों से डरते हैं। इनसे मत डरना! मैं दीदी के गुंडों को कहकर जाता हूं, 29 तारीख को घर के बाहर मत निकलना, वरना 5 तारीख के बाद हम तुम्हें सीधा कर देंगे।"
TMC का सूपड़ा साफ होने वाला है- अमित शाह
अमित शाह ने आगे कहा- "आज कुछ घंटों में ही पहले चरण का मतदान समाप्त हो जाएगा। पहले चरण में दीदी के किसी गुंडे की हिम्मत नहीं हुई कि बंगाल के मतदाताओं को अंगुली भी लगा दें। जिस मात्रा में 4:30 बजे तक 80 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ (शाम 5 बजे तक 90 फीसदी) है, वो बताता है कि पहले चरण में दीदी का सूपड़ा साफ होने वाला है।"
'किसानों को आलू का उचित दाम मिलेगा'
पुरसुराह में रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा- "ये पुरसुराह की भूमि बंगाल की आलू की राजधानी है। मगर दीदी की जिद के कारण आलू का दाम किसानों को नहीं मिलता। 22 रुपये का आलू 2 रुपये में बिकता है और दीदी के माथे पर जूं नहीं रेंगती है। दीदी ने झारखंड, बिहार और ओडिशा में आलू भेजना बंद कर दिया, जिस कारण यहां आलू का दाम गिर गया है। आलू का दाम 22 रुपये की जगह 2 रुपये हो गया है। 5 तारीख को भाजपा सरकार बना दो, हम आलू को झारखंड, बिहार और ओडिशा भेजेंगे, अपने आप आलू का दाम बढ़ जाएगा। हमारे घोषणा पत्र में हमने तय किया है कि इस जिले से लेकर विष्णुपुर तक 10 जगह पर आलू की चिप्स बनाने की फैक्ट्री डालेंगे। जिससे आलू किसानों को आलू का उचित दाम मिलेगा।"
अमित शाह ने कहा- "हालांकि, दीदी एक महिला मुख्यमंत्री हैं, लेकिन बंगाल में महिलाओं की स्थिति बदतर है। संदेशखाली में, टीएमसी के एक नेता ने वर्षों तक महिलाओं का शोषण किया, और ममता दीदी ने इस पर चुप्पी साधे रखी। आज रेखा पात्रा, संदेशखली की पीड़िता, आरजीकर की बच्ची जो मारी गई उसकी माता जी दोनों भाजपा की प्रत्याशी हैं। जिन पर जुल्म किया था वो विधायक बनकर आपका हिसाब करने वाली हैं। अमित शाह ने आगे कहा- "पीएम नरेन्द्र मोदी ने देश से आतंकवाद और नक्सलवाद को समाप्त किया। बंगाल में कमल की सरकार बना दो, हम घुसपैठियों से मुक्त बंगाल बनाने का काम करेंगे।"
बंगाल में पहले फेज में कितनी सीटें जीत सकती है भाजपा? सुवेंदु अधिकारी ने किया चौंकाने वाला दावा