1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगालः कोविड-19 प्रतिबंध 31 जनवरी तक बढ़े, सख्ती के साथ विवाह व मेले के आयोजन की अनुमति

पश्चिम बंगालः कोविड-19 प्रतिबंध 31 जनवरी तक बढ़े, सख्ती के साथ विवाह व मेले के आयोजन की अनुमति

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 15, 2022 05:14 pm IST,  Updated : Jan 15, 2022 05:17 pm IST

बंगाल ने कोविड-19 संबंधी प्रतिबंधों की अवधि 31 जनवरी तक बढ़ाई। सुरक्षा मानदंडों का पालन करते हुए बेहद सीमित तरीके से खुले मैदान में मेलों के आयोजन की अनुमति दी गई।

पश्चिम बंगालः कोविड-19 प्रतिबंध 31 जनवरी तक बढ़े, सख्ती के साथ विवाह व मेले के आयोजन की अनुमति - India TV Hindi
पश्चिम बंगालः कोविड-19 प्रतिबंध 31 जनवरी तक बढ़े, सख्ती के साथ विवाह व मेले के आयोजन की अनुमति  Image Source : PTI FILE PHOTO

Highlights

  • पश्चिम बंगालः कोरोना प्रतिबंध 31 जनवरी तक के लिए बढ़ाए गए
  • राज्य सरकार ने विवाह समारोहों की भी इजाजत दी
  • कोविड-19: बंगाल में 4 नगर निगमों के चुनाव 12 फरवरी तक टाले गए

कोलकाता: पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य में जारी कोविड-19 प्रतिबंधों को शनिवार को 31 जनवरी तक के लिए बढ़ा दिया। साथ ही सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करते हुए बेहद सीमित तरीके से खुले मैदानों में मेलों के आयोजन की अनुमति दे दी है। एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई है। राज्य सरकार ने विवाह समारोहों की भी इजाजत दी है। इसके तहत अधिकतम 200 मेहमानों या विवाह स्थल की क्षमता के 50 प्रतिशत, जो भी कम हो, के साथ विवाह समारोह आयोजित किए जा सकेंगे।

मुख्य सचिव एच के द्विवेदी द्वारा जारी आदेश में कहा गया, “प्रतिबंध और छूट के उपाय और परामर्श 31/01/2022 तक बढ़ा दिए गए हैं। एक बार में अधिकतम 200 लोगों या हॉल/स्थल की 50 प्रतिशत बैठने की क्षमता जो भी कम हो, के साथ विवाह संबंधी समारोह होंगे। कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए बेहद सीमित तरीके से खुले स्थानों में मेला की अनुमति दी जा सकती है।”

स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था, कृषि उपज सहित आवश्यक वस्तुओं के परिवहन, और अन्य आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर, लोगों और वाहनों की आवाजाही सहित सभी बाहरी गतिविधियों को रात 10 बजे से सुबह पांच बजे के बीच सख्ती से प्रतिबंधित किया जाएगा। जिला प्रशासन, पुलिस और स्थानीय अधिकारियों से निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। 

कोविड-19: बंगाल में 4 नगर निगमों के चुनाव 12 फरवरी तक टाले गए 

पश्चिम बंगाल निर्वाचन आयोग ने कोविड-19 के मामलों के बढ़ने के मद्देनजर शनिवार को चार नगर निगमों के चुनावों को तीन सप्ताह के लिए 12 फरवरी तक स्थगित कर दिया। राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) द्वारा जारी एक अधिसूचना के अनुसार, सिलीगुड़ी नगर निगम, चंद्रनगर नगर निगम, बिधाननगर नगर निगम और आसनसोल नगर निगम के चुनाव अब 22 जनवरी के बजाय 12 फरवरी को होंगे।

इसमें कहा गया कि मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होगा। इससे पहले दिन में, राज्य सरकार ने एसईसी को एक पत्र भेजा था, जिसमें वर्तमान महामारी की स्थिति के कारण चुनाव की तारीखों को फिर से निर्धारित करने की सहमति दी गई थी। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने भी आयोग से मामलों में वृद्धि को देखते हुए निकाय चुनाव को चार से छह सप्ताह के लिए स्थगित करने की संभावना तलाशने को कहा था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।