पश्चिम बंगाल में वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ भड़की हिंसा के बाद तनाव का माहौल फैला हुआ है। भाजपा लगातार सीएम ममता बनर्जी पर हिंसा को रोकने में नाकाम रहने का आरोप लगा रही है। वहीं, अब राज्य के दक्षिण 24 परगना में भी तनाव की स्थिति देखने को मिली है। जानकारी के मुताबिक, यहां भांगर इलाके में इंडियन सेक्युलर फ्रंट (ISF) के कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हुई है। उपद्रवियों ने एक वैन को भी आग के हवाले कर दिया। इस मामले में अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।
दरअसल, ISF के समर्थक वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ में आयोजित रैली में भाग लेने के लिए मध्य कोलकाता के रामलीला मैदान की ओर जा रहे थे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की जिसके बाद झड़प हो गई। इस रैली को भांगर विधायक नौशाद सिद्दीकी संबोधित कर रहे थे। जब भीड़ ने पुलिस के बैरिकेड्स को तोड़ने की कोशिश की तो तनाव बढ़ गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई।
इस घटना को लेकर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया- "प्रदर्शनकारियों की ओर से कुछ पुलिस वाहनों में आग लगा दी गई है। इस झड़ में कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं।" प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिस ने बिना अनुमति रैली को आयोजित करने के बाद प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। इस दौरान एक कार्यकर्ता के सिर में चोट लग गई है। ISF के कार्यकर्ता इस दौरान हाई-वे पर बैठ गए जिस कारण क्षेत्र में ट्रैफिक की समस्या भी देखने को मिली।
दक्षिण-24 परगना में स्थिति को संभालने के लिए कई अधिकारियों समेत भारी संख्या में पुलिसबल को तैनात किया गया है। भांगर के साथ ही इसके आस-पास के इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया गया। इसके कुछ देर बाद प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर कर दिया गया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आ गई। बता दें कि इससे पहले शुक्रवार और शनिवार को वक्फ (संशोधन) कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान मुर्शिदाबाद के सुती, धुलियान और जंगीपुर जैसे इलाकों में सांप्रदायिक हिंसा हुई थी। इस हिंसा में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए हैं। (इनपुट: PTI)
ये भी पढ़ें- 'हम एक बार जीते हैं और एक बार मरते हैं...', दंगे को लेकर CM ममता बनर्जी का बड़ा बयान
मुर्शिदाबाद हिंसा: बंगाल बीजेपी अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने राज्यपाल के सामने रखी ये मांगें
संपादक की पसंद