1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. खोजी गई दुनिया की सबसे लंबी सुरंग, अब सामने आएंगे प्राचीन दुनिया के कई राज!

खोजी गई दुनिया की सबसे लंबी सुरंग, अब सामने आएंगे प्राचीन दुनिया के कई राज!

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 18, 2018 05:11 pm IST,  Updated : Jan 18, 2018 05:11 pm IST

लगभग 12 हजार साल पुरानी इस सुरंग की लंबाई 347 किलोमीटर है...

Sac Actun | Image Source: Gran Acuifero Maya Project- India TV Hindi
Sac Actun | Image Source: Gran Acuifero Maya Project

मेक्सिको सिटी: दुनिया अपने अंदर तमाम रहस्य समेटे हुए है। हमने कई लंबी सुरंगों के बारे में पढ़ा है जिनमें कई प्राकृतिक तो कई मानव निर्मित हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि कोई सुरंग सैकड़ों किलोमीटर लंबी हो सकती है? गोताखोरों के एक समूह ने पूर्वी मेक्सिको में दुनिया की सबसे लंबी जलमग्न सुरंग खोज निकाली है जिसकी लंबाई 347 किलोमीटर है। इस खोज के बाद मेक्सिको के आसपास के क्षेत्रों में विकसित हुई प्राचीन माया सभ्यता के बारे में और जानकारी प्राप्त हो सकती है।

दक्षिण-पूर्वी मेक्सिको में स्थित युकाटन प्रायद्वीप में पानी के नीचे स्थित सुरंग ढूंढने के लिए ग्रैन एक्युफेरो माया (GAM) अभियान चलाया जा रहा था। इस सुरंग को सैक एकटन नाम दिया गया है। शुरुआत में इस सुरंग की लंबाई 263 किलोमीटर मापी गई थी। तुलुम स्थित जलमग्न सुरंगों की श्रृंखला डॉस ओजोस से जोड़ने पर इसकी लंबाई करीब 347 किमी हो गई। यह सुरंग लगभग 12 हजार साल पुरानी है। सबसे बड़ी बात तो यह कि इस सुरंग में  कब्र भी मिली हैं, जिनमें मानव अस्थियां संग्रहित हैं।

GMM के निदेशक गुलेरमो डी एंडा ने कहा, ‘यह बड़ी खोज है। स्पेन के कब्जे में आने से पहले माया सभ्यता कैसी थी, इस बारे में यह सुरंग कई राज खोल सकती है। इसके अतिरिक्त उस काल में बसाई गई बस्तियों और तीर्थस्थलों की जानकारी भी मिल सकती है।’ ऐसा माना जा रहा है कि उस काल में बसाई गई बस्तियों और तीर्थस्थल यहां हुआ करते होंगे। कुछ पुरातत्ववादियों का मानना है कि माया सभ्यता का प्राचीन मंदिर सुरंग से जुड़ा हुआ था। मालूम हो कि माया सभ्यता के सबसे अधिक अवशेष युकाटन प्रायद्वीप में ही पाए गए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश