1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. चीन ने भारत के साथ प्रतिस्पर्धा बढ़ने पर कोविड-19 की वैक्सीन पर कूटनीतिक प्रयास तेज किए

चीन ने भारत के साथ प्रतिस्पर्धा बढ़ने पर कोविड-19 की वैक्सीन पर कूटनीतिक प्रयास तेज किए

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 03, 2021 09:59 pm IST,  Updated : Feb 03, 2021 11:46 pm IST

चीन ने कोरोना वायरस की वैक्सीन पर अपनी कूटनीतिक चालों को तेज करते हुए बुधवार को कहा कि वह वैश्विक ‘COVAX’ पहल के लिए कोरोना वायरस के टीके की एक करोड़ खुराक उपलब्ध कराएगा।

China Vaccine Diplomacy, Vaccine Diplomacy, China COVAX, COVID-19 Vaccine- India TV Hindi
चीन ने भारत के साथ बढ़ती प्रतिद्वंदिता के बीच कोरोना वायरस की वैक्सीन पर अपने कूटनीतिक प्रयासों को तेज कर दिया है। Image Source : AP PHOTO/MARK SCHIEFELBEIN

बीजिंग: चीन ने कोरोना वायरस की वैक्सीन पर अपनी कूटनीतिक चालों को तेज करते हुए बुधवार को कहा कि वह वैश्विक ‘COVAX’ पहल के लिए कोरोना वायरस के टीके की एक करोड़ खुराक उपलब्ध कराएगा। चीन का यह बयान विशेषज्ञों के इस अनुमान के बीच आया है कि भारत विश्व को यह वैक्सीन वितरित करने में अग्रणी भूमिका निभा सकता है। चीन ने ‘कोवैक्स’ के टीकों की आपूर्ति करने की पेशकश की है। इसके लिए उसे अपने टीके को विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) से आपात उपयोग की मंजूरी मिलने का इंतजार है।

चीन ने कहा, हम मुहैया कराएंगे एक करोड़ खुराक

‘COVAX’ को औपचारिक रूप से कोविड-19 टीके वैश्विक पहुंच सुविधा के तौर पर जाना जाता है, जो कि एक वैश्विक पहल है। इसका लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि मध्यम और निम्न आय वाले देशों को कोरोना वायरस के टीके समय से मिल जाएं। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबीन ने बीजिंग में कहा कि चीन ने विकासशील देशों की टीके की तत्काल जरूरत को पूरा करने के लिए WHO के अनुरोध पर इसकी एक करोड़ खुराक मुहैया करने का फैसला किया है। चीन पिछले साल कोवैक्स में शामिल हुआ था, जिसका नेतृत्व गावी कर रहा है, जो कि एक अंतरराष्ट्रीय टीका गठबंधन है।

’16 टीकों का चीन में चल रहा है फील्ड ट्रायल’
चीनी अधिकारियों ने कहा कि उनका देश अभी 16 टीकों का ‘फील्ड ट्रायल’ कर रहा है , जबकि उसने अपने टीके सीनोफार्म को सशर्त मंजूरी प्रदान की है और इसने पाकिस्तान सहित कई देशों को खुराक की आपूर्ति शुरू कर दी है। गौरतलब है कि हाल ही में चीन में नकली टीके के खिलाफ कार्रवाई के दौरान 80 से अधिक लोग गिरफ्तार किए गए थे। दरअसल, टीके की शीशी में सलाइन का पानी भरा हुआ पाया गया था। कुछ नकली टीके कथित तौर पर अफ्रीकी देशों को भेजे गए हैं। COVAX को टीके मुहैया करने की चीन की घोषणा से पहले ही भारत ने कई देशों को टीके की आपूर्ति की है।

‘श्रीलंका को भी 3 लाख टीकों की आपूर्ति करेगा चीन’
वहीं, चीन ने घोषणा की है कि वह श्रीलंका को 3 लाख टीकों की आपूर्ति करेगा, जबकि भारत ने हाल ही में वैक्सीन की 5 लाख डोज कोलंबो भेजी थी। चीन ने नेपाल, मालदीव और ब्राजील को भी टीके की आपूर्ति करने की पेशकश की है। हालांकि, ये देश भारत से टीकों की पहली खेप पहले ही प्राप्त कर चुके हैं। दक्षिण अफ्रीका ने पुणे स्थित सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा निर्मित कोविशील्ड टीके की 10 लाख खुराक प्राप्त की है।

‘भारत से 5 लाख टीकों की उम्मीद कर रहा दक्षिण अफ्रीका’
दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरील रामफोसा ने घोषणा की है कि उनका देश इस महीने के अंत में भारत से और 5 लाख खुराक प्राप्त करने की उम्मीद कर रहा है। जार्जटाउन विश्वविद्यालय में ओनील इंस्टीट्यूट फॉर नेशनल ऐंड ग्लोबल हेल्थ लॉ के निदेशक लॉरेंस गोस्टीन ने एससीएमपी से कहा है, ‘विश्व को टीका वितरण करने में भारत के अग्रणी बनने की संभावना है, खासतौर पर निम्न एवं मध्यम आय वाले देशों के लिए इसकी आपूर्ति करने में।’ (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश