तोक्यो: जापान में एक एनीमेशन प्रोडक्शन कंपनी पर गुरुवार को हुए एक संदिग्ध आगजनी हमले में 23 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गए। इस हमले में क्योतो शहर में स्थित इमारत जलकर राख हो गई। पुलिस ने बताया कि ऐसा लग रहा है कि जानबूझकर आग लगाई गई लेकिन अभी इसके पीछे के मकसद के बारे में कोई सूचना नहीं मिली है। दुर्घटना की भयावहता को देखकर आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
Related Stories
अधिकारियों ने कहा कि उन्हें लगता है कि कई और लोग आग से बचने में नाकाम रहे। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया, ‘ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल पर 12 लोग दम घुटने के कारण मृत मिले।’ वहीं, बाद में कम से कम 10 अन्य व्यक्तियों की मौत की भी खबर आई। इससे पहले अधिकारियों ने आग लगने के कारण एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की थी। अधिकारियों ने बताया था कि घटना में 35 लोग घायल हो गए जिनमें से 10 की हालत गंभीर है। स्थानीय मीडिया ने बताया कि घटना के वक्त इमारत में करीब 70 लोग मौजूद थे।
दमकल विभाग के प्रवक्ता ने बताया, ‘बचाव अभियान चल रहा है और हम अंदर फंसे पीड़ितों को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं।’ पुलिस ने बताया कि वे आग लगने के कारण का पता लगा रहे हैं लेकिन यह एक संदिग्ध आगजनी हमला लग रहा है। क्योतो के प्रांतीय पुलिस प्रवक्ता ने बताया, ‘एक व्यक्ति ने कुछ तरल पदार्थ फेंका और आग लगा दी।’ सरकारी प्रसारक NHK ने बताया कि व्यक्ति को घटना के संबंध में हिरासत में ले लिया गया और बाद में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।