1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान: कराची के अपने घर में पत्नी समेत मृत मिले सिंध के योजना एवं विकास मंत्री

पाकिस्तान: कराची के अपने घर में पत्नी समेत मृत मिले सिंध के योजना एवं विकास मंत्री

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 01, 2018 06:09 pm IST,  Updated : Feb 01, 2018 06:09 pm IST

पाकिस्तान के सिंध राज्य के योजना एवं विकास मंत्री अपनी पत्नी समेत देश की वित्तीय राजधानी कराची में अपने घर में गुरुवार को मृत पाए गए...

Mir Hazar Khan Bijarani and wife found dead | Twitter Photo- India TV Hindi
Mir Hazar Khan Bijarani and wife found dead | Twitter Photo

कराची: पाकिस्तान के सिंध राज्य के योजना एवं विकास मंत्री अपनी पत्नी समेत देश की वित्तीय राजधानी कराची में अपने घर में गुरुवार को मृत पाए गए। मंत्री मीर हजार खान बिजरानी (71) और उनकी पत्नी फरीहा रज्जाक कड़ी सुरक्षा वाले रक्षा आवासीय प्राधिकरण में अपने बेडरूम में मृत मिले। सुत्रों के मुताबिक, बिजरानी और उनकी पत्नी के शरीर पर गोलियों के जख्म थे। इस हाई प्रोफाइल केस की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अपनी जांच शुरू की। 

इस मामले पर सरकार के सूचना मंत्री नासिर शाह ने कहा कि मंत्री और अपने कबीले का मुखिया होने के बावजूद बिजरानी सादा जीवन व्यतीत करने में यकीन रखते थे। उन्होंने कहा कि बिजरानी ने कभी भी प्रोटोकॉल और सुरक्षा को अहमियत नहीं दी। शाह ने कहा कि इस मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। मंत्री की मौत की खबर मिलने के बाद सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह, गृह मंत्री सोहैल अनवर सियाल, सरकार तथा पार्टी के वरिष्ठ अधिकारी बिजरानी के आवास पर पहुंचे। 

सूत्रों के मुताबिक, जब इस घटना का पता चला तो बिजरानी के बेटे मीर शब्बीर अली बिजरानी बिलावल भुट्टो के घर पर एक मीटिंग में व्यस्त थे। घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम सबूत जुटा रही है। इसके साथ ही उन लोगों से भी पूछताछ की जा रही है जो घटना के वक्त घर पर मौजूद थे। 

बिजरानी का जन्म 10 जुलाई 1946 को सिंध के करमपुर गांव में हुआ था। वह एक प्रभावशाली परिवार से ताल्लुक रखते थे। उन्होंने नेशनल कॉलेज कराची से BA और सिंध मुस्लिम लॉ कॉलेज से MA एवं LLB की डिग्री हासिल की थी। वहीं, उनकी पत्नी फरीहा रज्जाक एक जानी-मानी पत्रकार थीं और जंग ग्रुप के साथ बतौर डायरेक्टर पब्लिक रिलेशंस काम कर चुकी थीं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश