1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इंडोनेशिया में श्रीविजय एयर का यात्री विमान समुद्र में हुआ क्रैश, 62 लोग थे सवार

इंडोनेशिया में श्रीविजय एयर का यात्री विमान समुद्र में हुआ क्रैश, 62 लोग थे सवार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 09, 2021 06:49 pm IST,  Updated : Jan 09, 2021 08:43 pm IST

इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से उड़ान भरने के बाद शनिवार को श्रीविजय एयर के जेट यात्री विमान का संपर्क हवाई यातायात नियंत्रक से टूट गया और वह समुद्र में जा गिरा।

Indonesia plane crash, Indonesia plane crash Latest News, plane crash Latest News- India TV Hindi
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से उड़ान भरने के बाद शनिवार को श्रीविजय एयर के जेट यात्री विमान का संपर्क हवाई यातायात नियंत्रक से टूट गया। Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL

जकार्ता: इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से उड़ान भरने के बाद शनिवार को श्रीविजय एयर के जेट यात्री विमान का संपर्क हवाई यातायात नियंत्रक से टूट गया और वह समुद्र में जा गिरा। अधिकारियों द्वारा इस बारे में दी गई जानकारी के मुताबिक, घरेलू उड़ान भर रहे इस विमान में 56 यात्रियों और चालक दल के 6 सदस्यों समेत कुल 62 लोग सवार थे। बचाव अभियान में लगे एक बचावकर्मी और कुछ मछुआरों ने विमान के कुछ टुकड़े देखे जाने की बात कही है। इंडोनेशिया के परिवहन मंत्रालय के प्रवक्ता अदिता इरावती ने कहा कि बोइंग 737-500 विमान ने दोपहर करीब 1:56 बजे जकार्ता से उड़ान भरी और अपराह्न करीब 2:40 बजे इसका संपर्क नियंत्रण टावर से टूट गया।

‘समंदर में मिले कुछ टुकड़े’

एयरलाइन की ओर से जारी बयान के मुताबिक, विमान ने जकार्ता से पोंटियनाक के लिए उड़ान भरी थी जो इंडोनेशिया के बोर्नियो द्वीप स्थत पश्चिम कालीमंतन प्रांत की राजधानी है। दोनों शहरों के बीच इस उड़ान की अवधि करीब 90 मिनट की थी और इस विमान पर 56 यात्रियों के अलावा चालक दल के 6 सदस्य सवार थे। जकार्ता से पोंटियनाक जाने वाले विमान की अधिकतर यात्रा जावा समुद्र के ऊपर से ही गुजरती है। फ्लाइटरडार24 के डेटा के मुताबिक, लापता विमान 250 फीट तक नीचे आने से पहले लगभग 11000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। हवा में 250 फीट की ऊंचाई पर ही विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया।

Indonesia plane crash, Indonesia plane crash Latest News, plane crash Latest News
Image Source : FLIGHTRADAR24.COM VIA APविमान ने जकार्ता से पोंटियनाक के लिए उड़ान भरी थी जो इंडोनेशिया के बोर्नियो द्वीप स्थत पश्चिम कालीमंतन प्रांत की राजधानी है।

'मछुआरों ने देखे लोहे के टुकड़े'
वहीं, स्थानीय मीडिया के मुताबिक, उत्तरी जकार्ता में द्वीपों की श्रृंखला 'थाउजैंड द्वीप समूह' में मछुआरों ने शनिवार दोपहर को कुछ लोहे के टुकड़े देखे हैं, जिनके बारे में माना जा रहा है कि ये विमान के हिस्से हो सकते हैं। एक बचाव अधिकारी ने भी कहा है कि उन्हें समंदर में एक जगह कुछ टुकड़े मिले हैं जो शायद लापता विमान के हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि ये टुकड़े लापता विमान के ही हैं।टीवी चैनलों की फुटेज में जकार्ता और पोंटियनाक हवाईअड्डे पर विमान में सवार यात्रियों के परिजन एवं मित्र रोते-बिलखते और प्रार्थना करते देखे गए। 

2018 में भी हुई थी भीषण दुर्घटना
दुनिया के सबसे बड़े द्वीपसमूह देश इंडोनेशिया में सड़क, समुद्र और वायु परिवहन सेवाओं में क्षमता से अधिक लोगों के सवारी करने और लचर सुरक्षा नियमों के चलते दुर्घटनाओं के मामले सामने आते हैं। उल्लेखनीय है कि अक्टूबर 2018 में जकार्ता से उड़ान भरने के चंद मिनट बाद ही लायन एयर का बोइंग 737 मैक्स8 विमान जावा समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें सवार 189 लोगों की मौत हो गई थी। श्रीविजय एयर इंडोनेशिया की सस्ती उड़ान सेवाओं में शामिल है जोकि दर्जनों घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन करती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश