1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. यमन के होदेइदा, मारिब में सुरक्षा बलों और हूती विद्रोहियों के बीच झड़प में 23 लोग मारे गए

यमन के होदेइदा, मारिब में सुरक्षा बलों और हूती विद्रोहियों के बीच झड़प में 23 लोग मारे गए

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 03, 2020 11:24 pm IST,  Updated : Oct 03, 2020 11:24 pm IST

यमन के अधिकारियों और कबायली नेताओं ने शनिवार को कहा कि मारिब प्रांत और होदेइदा में पिछले 3 दिनों में सरकारी सुरक्षा बलों और हूती विद्रोहियों के बीच संघर्ष में 23 लोग मारे गए।

Yemen, Yemen Saudi Arabia, Houthi Rebels, Iran, Houthi Rebels Saudi Arabia- India TV Hindi
तेल संपदा से संपन्न मारिब प्रांत में हालिया झड़प में 23 से ज्यादा लोगों की मौत हो गयी और कई लोग घायल हो गए। Image Source : AP FILE

सना: यमन के अधिकारियों और कबायली नेताओं ने शनिवार को कहा कि मारिब प्रांत और होदेइदा में पिछले 3 दिनों में सरकारी सुरक्षा बलों और हूती विद्रोहियों के बीच संघर्ष में 23 लोग मारे गए। यमन में 2014 में युद्ध शुरू हुआ था जब ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने राजधानी और देश के उत्तरी भूभाग पर कब्जा कर लिया। बाद में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन बल ने राष्ट्रपति आबेद रब्बो मंसूर हादी की सरकार को स्थापित करने के लिए सैन्य अभियान शुरू कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि तेल संपदा से संपन्न मारिब प्रांत में हालिया झड़प में 23 से ज्यादा लोगों की मौत हो गयी और कई लोग घायल हो गए। ईरान समर्थित विद्रोही गुट क्षेत्र में कब्जा करना चाहता है। कबायली नेताओं ने कहा कि हूती विद्रोहियों ने मारिब में सरकारी बलों से लड़ने के लिए अतिरिक्त लड़ाकों को तैनात किया है लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली है। कबायली नेताओं के मुताबिक सऊदी अरब के नेतृत्व वाले बल ने हूती लड़ाकों को निशाना बनाया है।

यमन के अधिकारियों ने बताया कि बंदरहगाह शहर होदेइदा के दुरायहिमी में बुधवार को भीषण लड़ाई छिड़ गयी। होदेइदा बंदरगाह के जरिए यमन की 70 प्रतिशत वाणिज्यिक गतिविधियां होती है। यहीं से राहत सामग्री भी यमन तक पहुंचायी जाती है। यमन में युद्ध से गंभीर मानवीय संकट पैदा हो गया है। लाखों लोग खाद्यान्न और चिकित्सा सामग्री से वंचित हैं। लड़ाकों और आम नागरिकों समेत 1,12,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश