1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. 53 साल के नेपाली शरेपा कामी रीता ने 27वीं बार फतह किया माउंट एवरेस्ट, अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा

53 साल के नेपाली शरेपा कामी रीता ने 27वीं बार फतह किया माउंट एवरेस्ट, अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा

 Published : May 18, 2023 11:06 am IST,  Updated : May 18, 2023 11:06 am IST

कामी रीता ने पहली बार 1994 में माउंट एवरेस्ट फतह किया था और तब से लगभग हर साल वह पर्वत की चढ़ाई करते आए हैं।

Kami Rita Sherpa- India TV Hindi
कामी रीता शेरपा Image Source : FILE PHOTO

काठमांडू: विश्व के जाने-माने नेपाली पर्वतारोही कामी रीता शेरपा ने 27वीं बार माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई कर सबसे अधिक बार एवरेस्ट फतह के अपने खिताब को बुधवार को फिर से हासिल कर लिया। नेपाल के पर्यटन विभाग ने कहा कि 53 वर्षीय गाइड बुधवार को सुबह साढ़े आठ बजे 8,848.86 मीटर की ऊंचाई पर थे। उन्होंने माउंट एवरेस्ट पर सबसे अधिक बार चढ़ाई करने का रिकॉर्ड दोबारा अपने नाम कर लिया क्योंकि उनके एक साथी शेरपा पर्वतारोही ने तीन दिन पहले ही उनके पिछले रिकॉर्ड की बराबरी की थी।

काठमांडू स्थित सेवन समिट ट्रेक्स के मिंगमा शेरपा ने बताया कि 53 वर्षीय कामी रीता दुनिया के सबसे ऊंचे पर्वत पर पर्वतारोहियों के एक समूह का मार्गदर्शन करते हुए 8,849 मीटर (29,032 फुट) के शिखर पर पहुंचे। वह सुरक्षित और स्वस्थ हैं। नेपाल के शेरपा गाइड पसांग दावा ने रविवार को 26वीं बार पर्वत की चढ़ाई कर उनके रिकॉर्ड की बराबरी कर ली थी।

kami rita sherpa
Image Source : FILE PHOTOनेपाली पर्वतारोही कामी रीता शेरपा

इस मौसम में पर्वतारोहियों का पहला दल गत सप्ताहांत पर्वत पर पहुंचा था। एवरेस्ट पर चढ़ने के लिए मई सबसे बेहतर महीना माना जाता है क्योंकि उस समय वहां मौसम सबसे अच्छा रहता है। कामी रीता ने पहली बार 1994 में एवरेस्ट फतह किया था और तब से लगभग हर साल वह पर्वत की चढ़ाई करते आए हैं।

kami rita sherpa
Image Source : FILE PHOTOकामी रीता शेरपा

इस बीच एक भारतीय नागरिक ने विश्व के सातवें सबसे ऊंचे पर्वत नेपाल के माउंट धौलागिरि पर चढ़ने में सफलता हासिल की। ‘सेवन समिट ट्रेक’ द्वारा आयोजित चढ़ाई अभियान में भारत के जितेंद्र रामदास गवारे 8,167 मीटर ऊंची चोटी पर सफलतापूर्वक पहुंचे। ‘द हिमालयन टाइम्स’ समाचार पत्र के अनुसार मोलदोव के एक पर्वतारोही की बुधवार को कैंप चार में मौत हो गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश