1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान में मूसलाधार बारिश ने मचाई तबाही, एक ही परिवार के 11 सदस्यों की हुई मौत

पाकिस्तान में मूसलाधार बारिश ने मचाई तबाही, एक ही परिवार के 11 सदस्यों की हुई मौत

 Edited By: Amit Mishra
 Published : Jul 31, 2024 09:25 am IST,  Updated : Jul 31, 2024 09:25 am IST

पाकिस्तान में भारी बारिश के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। खैबर पख्तूनख्वा में बारिश का पानी बेसमेंट में भर जाने से एक ही परिवार के 11 लोगों की मौत हो गई है।

पाकिस्तान में भारी बारिश- India TV Hindi
पाकिस्तान में भारी बारिश Image Source : FILE AP

पेशावर: पाकिस्तान में भारी बारिश ने कहर बरपा रखा है। कई इलाकों में बारिश के चलते भारी नुकसान की खबर है। इस बीच उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में मंगलवार को मूसलाधार बारिश के दौरान पानी घर के बेसमेंट में घुस जाने के कारण छह बच्चों समेत एक ही परिवार के कम से कम 11 सदस्यों की मौत हो गई। अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी है। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना पेशावर के दक्षिण में 35 किलोमीटर दूर कोहाट जिले में खेल तहसील के दर्रा आदम में हुई है। 

इस वजह से हुआ हादसा

प्रांतीय आपदा प्रबंधन एजेंसी ने बताया कि बारिश का पानी घर के बेसमेंट में प्रवेश कर गया जिससे परिवार वहां फंस गया। परिणामस्वरूप छह बच्चों, तीन महिलाओं और दो पुरुषों की मौत हो गई। बचाव अधिकारियों ने बताया कि बचाव दल मौके पर पहुंचे और उन्होंने बेसमेंट से शव निकाले। बाद में शवों को कोहाट के अस्पताल में ले जाया गया। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर ने इन मौतों पर गहरा दुख व्यक्त किया।

दी गई चेतावनी

इस बीच, ‘डॉन न्यूज’ की खबर के अनुसार, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने सोमवार को चेतावनी दी कि  बंगाल की खाड़ी से मानसून पाकिस्तान के मध्य और दक्षिणी भागों में प्रवेश कर सकती है, जिससे नदियों के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी वर्षा हो सकती है। 

आसमान से बरस रही आफत

यहां यह भी बता दें कि, पाकिस्तान के अन्य इलाकों में भी आसमान से आफत बरस रही है। रावलपिंडी में भारी बारिश के कारण मकान की छत गिरने से एक महिला और उसकी बेटी की मौत हो गई है। मानसून की बारिश का सिलसिला अभी जारी रहने की उम्मीद है। अगले 24 घंटों में पंजाब के अधिकांश जिलों में और भारी बारिश का अनुमान है। पंजाब में भारी बारिश के चलते  नदियां और नालों उफान पर हैं। बांधों और बैराजों में जल प्रवाह बढ़ गया है। (भाषा)

यह भी पढ़ें:

बुशरा बीबी को किया गया नामजद तो बदल गए इमरान खान के सुर, सेना के सामने लगे गिड़गिड़ाने!

इजराइल ने लिया बदला, मारा गया हमास चीफ इस्माइल हानिया; ईरान में हुई हत्या

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश