1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ईरान के हमले में भारतीय नागरिक की मौत, अमेरिका के तेल टैंकर पर हमले के दौरान गई जान

ईरान के हमले में भारतीय नागरिक की मौत, अमेरिका के तेल टैंकर पर हमले के दौरान गई जान

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : Mar 12, 2026 10:35 am IST,  Updated : Mar 12, 2026 11:07 am IST

ईरान ने इराक के पास अमेरिकी स्वामित्व वाले तेल टैंकर के ऊपर आत्मघाती नाव से हमला किया है। जानकारी के मुताबिक, इस हमले में कथित तौर पर एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है।

Iran attack india citizen death- India TV Hindi
सांकेतिक फोटो। Image Source : AP/PEXELS

मिडिल ईस्ट में  ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जंग 13वें दिन में पहुंच चुकी है। अमेरिका और इजरायल लगातार ईरान के ठिकानों पर हमले कर रहे हैं तो वहीं, ईरान भी इजरायल समेत खाड़ी के विभिन्न देशों में अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से हमले कर रहा है। अब इस जंग के बीच ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में तेल के टैंकरों को भी निशाना बनान शुरू कर दिया है। अब ईरान ने इराक के समुद्री क्षेत्र में अमेरिका के स्वामित्व वाले तेल टैंकर पर हमला किया है। कथित तौर पर इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है। आइए जानते हैं पूरा मामला।

क्या है पूरा मामला?

PTI ने सूत्रों के हवाले से जानकारी दी है कि अमेरिकी स्वामित्व वाले तेल टैंकर सेफसी विष्णु पर इराक के क्षेत्रीय जल में खोर अल जुबैर बंदरगाह पर ईरान की सुसाइड बोट द्वारा हमला किया गया था। सूत्रों ने बताया है कि एक भारतीय नागरिक की कथित तौर पर इस हमले में मौत हो गई है। मृतक का नाम फिलहाल गुप्त रखा गया है। तेल टैंकर पर मौजूद शेष 27 चालक दल और कर्मियों को बचा लिया गया है।

भारत के लिए क्यों है चिंता की बात?

चिंता की बात ये है कि वैश्विक स्तर पर नाविकों में 15 प्रतिशत से अधिक भारतीय हैं। ऐसे में ईरान चाहे किसी भी जहाज को निशाना बनाएगा तो भारतीय नागरिकों को नुकसान होने की संभावना है। सामने आई जानकारी के मुताबिक, सेफसी विष्णु तेल टैंकर का निर्माण 2007 में किया गया था। ये टैंकर 228.6 मीटर लंबा और 32.57 मीटर चौड़ा है। ये टैंकर अमेरिका के स्वामित्व का है लेकिन वर्तमान में मार्शल आइलैंड्स के झंडे के तहत समुद्र में है।

घटनाओं पर भारत ने क्या कहा?

मिडिल ईस्ट में जारी जंग में भारतीय नागरिकों की जान जाने को लेकर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को बयान जारी किया था। उन्होंने कहा- "कुछ लोगों के हताहत होने की खबरें आई हैं। हमारे दो भारतीय नागरिक हैं जिन्हें हमने खो दिया है, और एक लापता है। यह तब हुआ जब वे व्यापारिक जहाजों पर थे जो हमले की चपेट में आ गए। कुछ भारतीय नागरिकों का इलाज किया जा रहा है। हमारा वाणिज्य दूतावास उनके संपर्क में है।" (इनपुट: PTI)

ये भी पढ़ें- अमेरिकी सेना ने जारी किया ईरानी विमानों पर हमले का वीडियो, देखें कैसे रनवे पर ही राख बन गए जहाज

ईरान के राष्ट्रपति पेजेशकियन ने जंग खत्म करने के लिए रखीं 3 शर्तें, यहां देखें लिस्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश