तेल अवीव: इजरायल ने गाजा को लेकर एक बार फिर अपना रुख साफ कर दिया है। इजरायल के मंत्रियों ने सोमवार को गाजा में हमास के खिलाफ जंग को और तेज करने पर सहमति जताई है। एक अधिकारी ने इस बारे में जानकारी दी है। इजरायल की योजना है कि वह फलस्तीन में और भी अधिक क्षेत्र पर कब्जा करेगा। अपनी योजना को पूरा करने के लिए इजरायल हजारों रिजर्व सैनिकों को बुलाने पर भी विचार कर रहा है।
गाजा में बढ़ेंगे हमले
इजरायली अधिकारी ने कहा कि यह योजना धीरे-धीरे आगे बढ़ेगी, जिससे गाजा में जंग और हमलों में बढ़ोतरी हो सकती है। इजरायल और हमास के बीच आठ सप्ताह के युद्धविराम समझौते को आगे बढ़ाने पर सहमति नहीं बनने के बाद मार्च में फिर से युद्ध शुरू हो गया था।
रिजर्व सैनिकों को बुला रही है सेना
इजरायल के सैन्य प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल इयाल जमीर ने कहा है कि सेना हजारों रिजर्व सैनिकों को बुला रही है। उन्होंने कहा कि इजरायल की ओर से गाजा में ‘अतिरिक्त क्षेत्रों में कार्रवाई की जाएगी’ और आतंकवादी बुनियादी ढांचे पर हमले जारी रखे जाएंगे।

इजरायल कर रहा है घातक हमले
इजरायल पहले से ही गाजा के लगभग आधे क्षेत्र पर नियंत्रण रखता है, जिसमें इजरायल के साथ लगी सीमा पर एक बफर जोन और पट्टी के साथ पूर्व-पश्चिम तक जाने वाले तीन गलियारे भी शामिल हैं। इजरायल की ओर से हमास पर दबाव बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, 18 मार्च को इजरायल ने इस क्षेत्र में फिर से हमले शुरू कर दिए थे। इन हमलों में अब तक 2,600 से अधिक लोग मारे गए हैं। मरने वालों में अधिकतर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। (एपी)
यह भी पढ़ें:
पहलगाम आतंकी हमले के बाद सहमा पाकिस्तान, अब 120 KM तक मार करने वाली मिसाइल का किया परीक्षणईरान ने दिखाई ताकत, अब ठोस ईंधन वाली बेहद खतरनाक बैलिस्टिक मिसाइल से उठाया पर्दा