1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. तेल अवीव में हमास के हमले के बाद रफा में इजराइली बमबारी से कोहराम, मारे गए 35 फिलिस्तीनी, कई घायल

तेल अवीव में हमास के हमले के बाद रफा में इजराइली बमबारी से कोहराम, मारे गए 35 फिलिस्तीनी, कई घायल

 Edited By: Malaika Imam
 Published : May 27, 2024 09:01 am IST,  Updated : May 27, 2024 09:05 am IST

तेल अवीव में हमास की ओर से किए गए हमले का जवाब देते हुए इजरायल ने गाजा पर जोरदार अटैक किया है। इजरायल ने गाजा पट्टी के सबसे दक्षिणी शहर रफा में जबरदस्त बमबारी की है, जिसमें कम से कम 35 लोग मारे गए।

प्रतीकात्मक फोटो - India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : FILE PHOTO

इजरायल और हमास के बीच कई महीने से जंग जारी है। ये युद्ध दिन-व-दिन और उग्र होता जा रहा है। हमास का खात्मा करने के लिए इजरायली सेना लगातार हवाई और जमीनी हमले कर रही है। इस बीच, हमास ने रविवार को इजरायल की राजधानी तेल अवीव में रॉकेट से हमला किया। इसके बाद जवाबी हमले में इजरायल ने गाजा पट्टी के सबसे दक्षिणी शहर रफा में जबरदस्त बमबारी की है, जिसमें कम से कम 35 फिलिस्तीनी मारे गए। कई अन्य लोग जलते हुए मलबे में फंस गए। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि मृतकों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।

इजरायली सेना ने 8 रॉकेट दागे

रफा में हजारों फिलिस्तीनी शरणार्थी टेंट में संयुक्त राष्ट्र राहत और कार्य एजेंसी के गोदामों के पास रह रहे हैं, जहां इजरायली सेना ने रविवार को लगभग आठ रॉकेट दागे। स्थानीय सूत्रों ने एक समाचार एजेंसी को बताया कि यह विस्थापित परिवारों की घनी आबादी वाले इलाके पर एक "अभूतपूर्व" इजरायली हवाई हमला था, जिसमें प्लास्टिक और टिन से बने तंबू और साथ ही नागरिक वाहन भी नष्ट हो गए। 

सूत्रों ने बताया कि नागरिक सुरक्षा और एम्बुलेंस कर्मचारियों को शवों को निकालने में काफी मशक्क्त करनी पड़ी। फिलिस्तीनी सुरक्षा सूत्रों ने एक समाचार एजेंसी को बताया कि इस क्षेत्र को हमले से पहले इजरायली सेना ने "सुरक्षित क्षेत्र" बताया था। रविवार रात जारी एक बयान में हमास ने बमबारी की निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (आईसीजे) के फैसले की पूर्ण अवज्ञा और अवहेलना बताया। आईसीजे ने इजरायल से रफा में आक्रमण रोकने की मांग की थी।

"रफा में हमास परिसर पर हमला किया"

इजरायल रक्षा बल (IDF) ने एक बयान में कहा, "आईडीएफ विमान ने रफा में हमास परिसर पर हमला किया, जहां हमास आतंकवादी थे।" इसमें कहा गया है, "अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर हमला किया गया।" इससे पहले 7 मई को इजरायली सेना ने घोषणा की थी कि उसने मिस्र की सीमा पर गाजा पट्टी के दक्षिण में रफा के पूर्वी क्षेत्र में स्थित क्रॉसिंग के फिलिस्तीनी हिस्से पर नियंत्रण कर लिया है, जिसके चलते गाजा में प्रवेश करने वाली सहायता रोक दी गई है। इजरायल रफा को हमास का आखिरी गढ़ मानता है, जिसने 2007 से गाजा पट्टी को नियंत्रित किया हुआ है। (IANS)

ये भी पढ़ें- 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश