बैंकॉक: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में बुधवार को एक सड़क अचानक धंस गई, जिससे वहां एक बहुत बड़ा गड्ढा बन गया। इस हादसे ने ट्रैफिक को पूरी तरह ठप कर दिया, कई इमारतों को नुकसान पहुंचा और आसपास के इलाकों को खाली कराना पड़ा। बैंकॉक के गवर्नर चडचार्ट सिट्टिपंट ने बताया कि इस हादसे में किसी की जान तो नहीं गई, लेकिन 3 गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि यह हादसा एक अंडरग्राउंड ट्रेन स्टेशन के निर्माण कार्य की वजह से हुआ।
Related Stories
'गाड़ियां पीछे हटने की कोशिश करती दिखीं'
हादसे के जो वीडियो सामने आए हैं उनमें दिख रहा है कि सड़क धीरे-धीरे नीचे धंस रही थी, जिसके साथ कई बिजली के खंभे भी अंदर चले गए और पानी की पाइपलाइन भी टूट गई। जैसे-जैसे गड्ढा बड़ा होता गया, गाड़ियां पीछे हटने की कोशिश करती दिखीं। यह गड्ढा 4 लेन वाली सड़क को पूरी तरह काट गया और इसका एक किनारा ठीक एक पुलिस स्टेशन के सामने रुक गया, जिससे पुलिस स्टेशन की नींव भी खुलकर सामने आ गई।
आसपास की इमारतों को खाली कराया गया
हादसे के बाद घटनास्थल के पास स्थित एक अस्पताल ने ऐलान किया कि वह अगले 2 दिनों तक अपनी OPD सेवाएं बंद रखेगा। बैंकॉक शहर के अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल की इमारत को कोई नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस स्टेशन और आसपास की दूसरी इमारतों को खाली करा लिया गया है। अधिकारियों ने इलाके की बिजली और पानी की सप्लाई भी रोक दी है।

'गड्ढे को जल्द-से-जल्द भरने की कोशिश'
गवर्नर चडचार्ट ने हादसे के बाद मरम्मत के कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि संबंधित टीमें गड्ढे को जल्द-से-जल्द भरने की कोशिश कर रही हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बैंकॉक में मॉनसून का मौसम चल रहा है और भारी बारिश से नुकसान और बढ़ सकता है। शहर प्रशासन ने लोगों से इस इलाके से बचने की अपील की है और हालात को जल्द सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।