1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने दिया इस्तीफा, देश छोड़कर भाग सकते हैं, जानिए अब आगे क्या होगा

नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने दिया इस्तीफा, देश छोड़कर भाग सकते हैं, जानिए अब आगे क्या होगा

 Reported By: Vijai Laxmi Edited By: Subhash Kumar
 Published : Sep 09, 2025 02:15 pm IST,  Updated : Sep 09, 2025 02:55 pm IST

नेपाल में बड़े स्तर पर जारी प्रदर्शन और हिंसा के बीच देश के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। माना जा रहा है कि केपी ओली देश छोड़कर भाग सकते हैं।

Nepal prime minister kp sharma oli resigns- India TV Hindi
केपी शर्मा ओली ने दिया इस्तीफा। Image Source : PTI

भारत के पड़ोसी देश नेपाल में हिंसा रुकने का नाम नहीं ले रही है। सोशल मीडिया बैन और भ्रष्टाचार के खिलाफ शुरू हुआ प्रदर्शन सोमवार को हिंसक हो गया। पुलिस ने युवाओं की भीड़ पर गोलियां चला दी जिसमें करीब 21 की संख्या में लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 300 से ज्यादा लोग घायल हैं। अब बड़ी खबर ये सामने आई है कि नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि केपी ओली देश छोड़कर भाग सकते हैं।

अब कौन संभालेगा कमान, आगे क्या होगा?

जानकारी के मुताबिक, नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने अपने पद से इस्तीफा देने के बाद देश की कमान उप प्रधानमंत्री को सौंप दी है। हालांकि, प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि देश में एक अंतरिम सरकार का गठन किया जाना चाहिए। इसके अलावा संसद को भंग कर के नए सिरे से चुनाव कराने की भी मांग की जा रही है।

क्या रही है परंपरा?

नेपाल के कपिलवस्तु से सांसद मंगल प्रसाद गुप्ता ने बताया है कि देश में केपी शर्मा ओली के इस्तीफे के बाद हालत सामान्य होने की उम्मीद की जा रही है। पूरे देश में अफरा तफरी मची हुई है। केपी ओली के बाहर जाने को लेकर कोई जानकारी नहीं है। शाम की बैठकों को स्थगित कर दिया गया है। मंगल प्रसाद गुप्ता ने बताया है कि नेपाल के रिटायर्ड चीफ जस्टिस कार्यवाहक प्रधानमंत्री हों सकते हैं। परंपरा यही रही है। उन्होंने ये भी कहा है कि फिलहाल नेपाल में चुनाव में समय लगेगा।

मंत्रियों, नेताओं के घरों पर हमले जारी

सोमवार को प्रदर्शनकारी युवाओं पर गोलीबारी के बाद प्रदर्शन और तेज हो गया। मंगलवार को प्रदर्शनकारियों ने देश के मंत्रियों, नेताओं के घरों पर हमले तेज कर दिए। नेपाल में युवा प्रदर्शनकारियों की भीड़ पीएम ओली के घर की तरफ बढ़ गई। सूत्रों के मुताबिक, विपक्ष के नेता पुष्प कमल दहल (प्रचंड) के घर पर भी हमला किया गया है। नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष देउबा के घर पर हमला किया गया है। गृह मंत्री के घर में आग लगा दी गई है और संचार मंत्री के घर में भी आग लगा दी गई है।

कई मंत्रियों ने दिया इस्तीफा

आपको बता दें कि नेपाल सरकार के कई मंत्रियों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इनमें से नेपाल के कृषि मंत्री रामनाथ अधिकारी ने भी अपना पद छोड़ दिया है। जल आपूर्ति मंत्री प्रदीप यादव भी इस्तीफा दे रहे हैं। नेपाल में शेखर कोइराला (नेपाल कांग्रेस) गुट के मंत्री इस्तीफा दे रहे हैं। इससे पहले सोमवार को नेपाल के गृह मंत्री रमेश लेखक ने हिंसक विरोध प्रदर्शनों की जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे दिया था।

ये भी पढ़ें- 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश