लाहौर: पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान ने सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर को लेकर चौंकाने वाली बात कही है। उन्होंने दावा किया कि आसिम मुनीर उनकी पत्नी के खिलाफ हो गए थे क्योंकि उनकी पत्नी ने स्पष्ट रूप से उनसे संपर्क करने के लिए मना कर दिया था। इमरान का कहना है कि उनकी पत्नी के खिलाफ जो भी अन्याय हुए, उसके पीछे मुनीर की बदला लेने की भावना थी।
Related Stories
इमरान जब पीएम थे, तब की है ये घटना
इमरान खान ने बताया, 'जब मैं प्रधानमंत्री था तो मैंने जनरल आसिम मुनीर को आईएसआई के महानिदेशक के पद से हटाया था। इस मामले में उन्होंने चर्चा करने के लिए मध्यस्थों के माध्यम से मेरी पत्नी बुशरा बीबी से संपर्क करना चाहा। लेकिन बुशरा बीबी ने स्पष्ट रूप से मना कर दिया और कहा कि उनका ऐसे मामलों से कोई लेना-देना नहीं है और वह उनसे नहीं मिलेंगी।'
इमरान ने कहा, 'जिस तरह से मेरी पत्नी को निजी बदला लेने के लिए निशाना बनाया गया है, उसकी कोई तुलना नहीं है। पाकिस्तान में तानाशाही के सबसे काले दौर में भी ऐसा कभी नहीं हुआ।' उन्होंने कहा, 'बुशरा बीबी के अन्यायपूर्ण 14 महीने के कारावास और जेल में निंदनीय अमानवीय व्यवहार के पीछे जनरल आसिम मुनीर का प्रतिशोधी स्वभाव है।'
उन्होंने कहा, 'उन (बुशरा बीबी) पर सहायता करने और उकसाने का आरोप लगाया गया था, एक ऐसा आरोप जिसके लिए कभी कोई सबूत पेश नहीं किया गया और उन्हें एक के बाद एक झूठे मामलों में गिरफ्तार किया जाता रहा है। वह एक नागरिक हैं, एक गृहिणी हैं जिसका कोई राजनीतिक संबंध नहीं है। मुझे पिछले चार सप्ताह उससे मिलने की भी अनुमति नहीं दी गई है।'
जेल में सजा काट रहे हैं इमरान खान
गौरतलब है कि पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान वर्तमान में जेल में बंद हैं। उनके खिलाफ कई मामले चल रहे हैं। बता दें कि इमरान खान पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के प्रमुख भी हैं। उनका कहना है कि उनकी पार्टी के लोगों को बिना सबूत और निष्पक्ष सुनवाई के सजा दी जा रही है। इमरान खान लंबे समय से अपने बयानों की वजह से दुनियाभर में चर्चा में रहते हैं। (इनपुट: भाषा)