1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. इटली: ब्रिज गिरने से मलबे में दबे कई लोग, कम से कम 30 लोगों की मौत

इटली: ब्रिज गिरने से मलबे में दबे कई लोग, कम से कम 30 लोगों की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 14, 2018 05:50 pm IST,  Updated : Aug 14, 2018 09:32 pm IST

इटली के जिनोआ शहर में ब्रिज गिरने से दर्जनों लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। इटली मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक जिनोआ शहर के पास मोरांडी ब्रिज का 200 मीटर का हिस्सा अचानक से गिर पड़ा।

Italy bridge collapse- India TV Hindi
Italy bridge collapse Image Source : TWITTER

रोम: इटली के जिनोवा शहर में आज एक पुल का एक हिस्सा ढह गया जिसमें कम से कम 30 लोगों की मौत हुई है। देश के उप परिवहन मंत्री ने बताया कि हादसे में कम से कम 30 लोगों की मौत हुई है। घटनास्थल की तस्वीरें दर्शाती हैं कि समूचा कैरेजवे नीचे रेलवे लाइन पर गिर गया। कार और ट्रक मलबे में दब गए और आस-पास की इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। इतालवी मीडिया ने बताया कि ‘मोरंडी’ पुल का 200 मीटर का हिस्सा गिर गया। इतालवी दमकल सेवा ने बताया कि शहर के पश्चिम में औद्योगिक क्षेत्र में स्थित पुल का एक हिस्सा दोपहर के करीब (जीएमटी समयानुसार 10 बजे) ढह गया। 

यह हादसा उस हाईवे पर हुआ जो इटली को फ्रांस और अन्य छुट्टियां मनाने वाले रिसॉर्ट से जोड़ता है। यह घटना कल होने वाली बड़ी इतालवी छुट्टी फेर्रागोस्तो के एक दिन पहले हुई है। पुल पर यातायात सामान्य दिनों की तुलना में अधिक रहा होगा क्योंकि कई इतालवी इस दौरान समुद्र तटों या पर्वतीय इलाकों में जाते हैं।दमकलकर्मियों ने बताया कि गैस लाइनों के बारे में चिंता है। एएनएसए संवाद समिति द्वारा जारी तस्वीर में दिखाया गया है कि पुल के दोनों हिस्सों के बीच बड़ी खाई है। 

देश के परिवहन और आधारभूत ढांचा मंत्री डैनिलो टोनीनेल्ली ने ट्विटर पर कहा, ‘‘मैं जिनोवा में जो कुछ भी हो रहा है उसपर नजर रख रहा हूं। यह बड़ी दुखद घटना हो सकती है।’’ इटली के गृह मंत्री मात्तेओ सालविनी ने कहा कि वह जिनोवा की घटना पर पल-पल की स्थिति पर नजर रख रहे हैं और त्वरित कार्रवाई के लिये आपात सेवाओं के प्रति आभार प्रकट किया। 

आपात सेवा ने ट्विटर पर कहा, ‘‘दमकलकर्मी मिलकर काम कर रहे हैं और बचावकर्मियों और पुलिस के खोजी कुत्तों की भी सेवा ली जा रही है।’’ 

मोरंडी पुल का 1967 में उद्घाटन किया गया था। यह 90 मीटर ऊंचा और महज एक किलोमीटर लंबा है। यह पुल फ्रांस की ओर जाने वाले ए 10 हाईवे और उत्तर मिलान की ओर जाने वाले ए 7 हाईवे को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। एएनएसए संवाद समिति ने कहा कि अधिकारियों को संदेह है कि ढांचागत कमजोरी की वजह से पुल आज ढहा गया। जिनोवा पश्चिमोत्तर इटली में समुद्र और पर्वतों के बीच स्थित है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश