1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. खुफिया, सरकारी जानकारी पर मीडिया की नियमित रिपोर्टिंग खतरनाक: व्हाइट हाउस

खुफिया, सरकारी जानकारी पर मीडिया की नियमित रिपोर्टिंग खतरनाक: व्हाइट हाउस

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Aug 02, 2018 11:50 am IST,  Updated : Aug 02, 2018 11:50 am IST

व्हाइट हाउस ने एक बार फिर प्रेस की स्वतंत्रता को समर्थन दोहराते हुए आरोप लगाया है कि सरकारी और गोपनीय सूचनाओं पर मीडिया के लगातार रिपोर्ट करने से लोगों की जान और राष्ट्रीय सुरक्षा को जोखिम हो सकता है।

खुफिया, सरकारी...- India TV Hindi
खुफिया, सरकारी जानकारी पर मीडिया की नियमित रिपोर्टिंग खतरनाक: व्हाइट हाउस

वाशिंगटन (अमेरिका): व्हाइट हाउस ने एक बार फिर प्रेस की स्वतंत्रता को समर्थन दोहराते हुए आरोप लगाया है कि सरकारी और गोपनीय सूचनाओं पर मीडिया के लगातार रिपोर्ट करने से लोगों की जान और राष्ट्रीय सुरक्षा को जोखिम हो सकता है। मंगलवार को फ्लोरिडा में ट्रंप की एक रैली के दौरान एक राष्ट्रीय समाचार चैनल के एक संवाददाता के साथ धक्कामुक्की होने के बाद व्हाइट हाउस ने यह टिप्पणी की है।

अमेरिका में मीडिया पर बढ़ रहे हमलों को लेकर किए गए एक सवाल के जवाब में व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव सारा सैंडर्स ने बताया, ‘‘हम स्वतंत्र प्रेस का पूर्ण समर्थन करते हैं, लेकिन इसके साथ महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी आती है। मीडिया नियमित रूप से गोपनीय सूचनाओं और सरकार की खुफिया जानकारी पर खबरें देता है जिससे लोगों की जान और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा हो सकता है। ऐसा हमारे और पूर्ववर्ती दोनों प्रशासनों के दौरान हुआ है।’’

सैंडर्स ने कहा, ‘‘इसमें से सबसे बुरे मामलों में से एक मामला 90 के दशक के आखिर में ओसामा बिन लादेन के सैटेलाइट फोन सुनने की अमेरिकी क्षमता की एक रिपोर्टिंग है। उस रिपोर्टिंग के कारण लादेन ने उस फोन का इस्तेमाल ही बंद कर दिया और देश को महत्वपूर्ण खुफिया जानकारी मिलना बंद हो गई।’’

सारा ने कहा, ‘‘दुर्भाग्यवश, अब सामान्य बोध और नैतिक प्रचलन को छोड़ना मानक बन गया है। यह एक दोतरफा रास्ता है। हम निश्चित रूप से एक स्वतंत्र प्रेस का समर्थन करते हैं और किसी के खिलाफ हिंसा की निंदा भी करते हैं। साथ ही हम उन लोगों से जिम्मेदार हो कर तथा सही और निष्पक्ष तरीके से रिपोर्ट करने को भी कहते हैं।’’ उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति किसी के भी खिलाफ हिंसा का या अन्य बातों का समर्थन नहीं करते।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश