
ओबामा, हिलेरी, नेतन्याहू और पोप फ्रांसिस ने की हमले की निंदा
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा कि, "ओरलैंडो गे क्लब में हुई भयावह अंधाधुंध गोलीबारी एक आतंकी और नफरत का काम है। उन्होंने अपने देश के लोगों को बंदूकों तक आसान पहुंच की भी याद दिलाई। उन्होंने यह भी कहा कि FBI इसे आतंकवादी घटना मानकर जांच कर रही है। गोलीबारी के पीछे की वजह का अब तक सही-सही कुछ पता नहीं चल सका है।"
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से ओबामा ने कहा, यह समलैंगिक समुदाय के लिए दिल तोड़ने वाला दिन है। यह 15वीं बार है जब ओबामा ऐसी गोलीबारी के बाद राष्ट्र को संबोधित करने सामने आए हैं।
इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ओबामा को शोक संदेश भेजा। नेतन्याहू ने कहा कि, "ओरलैंडों में समलैंगिक समुदाय पर हुए भयावह हमले के बाद मैं इस्राइल के लोगों और सरकार की तरफ से अमेरिका के लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में इस्राइल अमेरिका के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।"
पोप फ्रांसिस ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह हिंसक मूर्खता और बेमतलब नफरत है। होली सी से जारी एक बयान में कहा गया कि, इस घटना ने पोप फ्रांसिस और हम सब में खौफ और निंदा की भावनाएं भर दी हैं।
अमेरिका में राष्ट्रपति पद के चुनाव में डेमोक्रेट पार्टी की संभावित उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन ने इस घटना की निन्दा करते हुए कहा कि वह अमेरिका में सबसे भीषण गोलीकांड से बेहद दुखी हैं। वहीं, रिपब्लिकन पार्टी के संभावित उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने घटना को संभावित आतंकवाद करार दिया।