1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. कब और कैसे सामने आते हैं कोरोना वायरस के लक्षण, नई खोज में हुआ खुलासा

कब और कैसे सामने आते हैं कोरोना वायरस के लक्षण, नई खोज में हुआ खुलासा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 16, 2020 02:31 pm IST,  Updated : Aug 16, 2020 02:31 pm IST

पूरी दुनिया की नाक में दम करके रख देने वाले कोरोना वायरस के बारे में वैज्ञानिकों को एक अहम जानकारी हाथ लगी है।

Coronavirus, Coronavirus Symptoms, Covid-19 Symptoms, What Is Coronavirus Symptoms- India TV Hindi
रिसर्चर्स ने मनुष्यों में कोरोना वायरस के संभावित लक्षण के क्रम को डिकोड कर लिया है। Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL

न्यूयॉर्क: पूरी दुनिया की नाक में दम करके रख देने वाले कोरोना वायरस के बारे में वैज्ञानिकों को एक अहम जानकारी हाथ लगी है। रिसर्चर्स ने मनुष्यों में कोरोना वायरस के संभावित लक्षण के क्रम को डिकोड कर लिया है, जिसमें सबसे पहले बुखार, इसके बाद खांसी, मांसपेशियों में दर्द, और फिर जी मचलना या उल्टी और दस्त नजर आने लगता है। कोविड-19 लक्षणों के क्रम को जानने से एक यह फायदा हो सकता है कि रोगियों को तुरंत चिकित्सा में मदद मिल सकती है या फिर जल्द से जल्द सेल्फ आइसोलेशन को लेकर निर्णय लेने में मदद मिल सकती है।

इसलिए बेहद महत्वपूर्ण है यह खोज

फ्रंटियर्स इन पब्लिक हेल्थ नामक पत्रिका में प्रकाशित शोध के अनुसार, लक्षणों के क्रम को पहचानने या दूसरी भाषा में कहें तो कौन से लक्षण कब दिखाई देते हैं ये पता चलने से डॉक्टरों को रोगियों के इलाज की योजना बनाने में मदद मिल सकती है, और शायद इस बीमारी को शुरुआत में ही नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है। अमेरिका के साउदर्न कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय के शोध लेखक पीटर कुन ने कहा, ‘यह क्रम विशेष रूप से यह जानने को लेकर महत्वपूर्ण है कि हम कोविड-19 संक्रमण के लक्षण की तरह होने वाले फ्लू जैसी बीमारियों के साइकिल को कब पार कर रहे हैं।’

बेहतर इलाज में मिल सकती है मदद
शोध के अन्य लेखक जोसेफ लार्सन ने कहा, ‘इससे कोविड-19 के उपचार के लिए अब बेहतर दृष्टिकोण उपलब्ध हैं, जिसे पहचान कर पहले ही मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया जा सकता है।’ बुखार और खांसी अक्सर विभिन्न प्रकार की सांस की बीमारियों से जुड़े होते हैं, जिनमें मिडिल ईस्ट रेस्पिरेटरी सिंड्रोम (मर्स) और सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी सिंड्रोम (सार्स) शामिल हैं। हालांकि ऊपरी और निचले गेस्ट्रोइनेस्टाइनल ट्रैक्ट में लक्षणों को देखते हुए कोविड-19 की पहचान की जा सकती है।

इस तरह हुई लक्षणों के क्रम की भविष्यवाणी
वैज्ञानिकों ने लिखा, ऊपरी गेस्ट्रोइनेस्टाइनल ट्रैक्ट (जी मचलना/ उल्टी) निचले गेस्ट्रोइनेस्टिनल ट्रैक्ट (दस्त) से पहले प्रभावित होने लगती है, जो कि कोविड-19 का लक्षण है और यह मर्स और सार्स से विपरीत है। शोधकतार्ओं ने विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा एकत्र किए गए चीन में 55,000 से अधिक कोरोना वायरस मामलों के लक्षण घटना की दर को देखते हुए इस संक्रमण के लक्षणों के क्रम की भविष्यवाणी की।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश