वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को बहुत बड़ी धमकी दी है और साफ कर दिया है कि ऐसी कार्रवाई करेंगे कि ईरान के लिए एक राष्ट्र के रूप में फिर से खड़ा होना लगभग असंभव हो जाएगा। उन पर मौत, आग और क्रोध का कहर बरपेगा।
दरअसल ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर कहा, "अगर ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल के प्रवाह को रोकने वाला कोई भी काम करता है, तो अमेरिका की तरफ से अब तक हुए हमलों से 20 गुना तेज हमला होगा। हम आसानी से नष्ट किए जा सकने वाले लक्ष्यों को नष्ट कर देंगे। इससे ईरान एक राष्ट्र के रूप में फिर से खड़े होने में असमर्थ हो जाएगा।"
ट्रंप ने कहा, "ईरान पर मौत, आग और क्रोध का कहर बरपेगा। मुझे उम्मीद है और मैं प्रार्थना करता हूं, कि ऐसा न हो! ये अमेरिका की ओर से चीन और उन सभी देशों के लिए एक उपहार है जो होर्मुज जलडमरूमध्य का भारी उपयोग करते हैं।"
ट्रंप ने कहा कि उन्हें इस बात की उम्मीद है कि इस कदम की काफी सराहना की जाएगी। इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद।
हालही में ट्रंप ने ये भी कहा था कि ईरान के खिलाफ कई तरह से जीत हासिल की है लेकिन यह काफी नहीं है। ये ऑपरेशन खत्म होने के बाद दुनिया ज्यादा सुरक्षित जगह होगी और यह बहुत जल्दी खत्म हो जाएगा।
ट्रंप ने ये भी बताया था, "अगर हम अंदर नहीं जाते, तो वो हमारे पीछे आ जाते। एक हफ्ते के अंदर वो हम पर 100 परसेंट हमला करने वाले थे, वो तैयार थे। उनके पास मिसाइलें किसी की सोच से कहीं ज्यादा थीं और वो हम पर हमला करने वाले थे। वो पूरे मिडिल ईस्ट और इजरायल पर हमला करने वाले थे। अगर उनके पास न्यूक्लियर वेपन होता, तो वो उसका इस्तेमाल इजरायल पर करते।"