न्यूयॉर्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हनक ने वेनेजुएला के अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की न्यूयॉर्क की अदालत के दरवाजे पर ला पटका। अब उन्हें अमेरिका की अदालत में कानूनी कार्यवाही का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को उन्हें डिटेंशन सेंटर से कोर्ट एक कैदी की तरह लाया गया। मादुरो की पेशी का जो वीडियो सामने आया है उसमें वे हथकड़ियों से जकड़े नजर आ रहे हैं। मादुरो और उनकी पत्नी दोनों कैदी की ड्रेस पहने कड़ी सुरक्षा घेरे में अदालत लाए गए।
मादुरो को ले जा रहा काफिला सुबह करीब 7:15 बजे जेल से निकला और पास के एक खेल मैदान की ओर बढ़ा, जहां से मादुरो धीरे-धीरे वहां उनका इंतज़ार कर रहे एक हेलीकॉप्टर की ओर बढ़े। हेलीकॉप्टर न्यूयॉर्क बंदरगाह के ऊपर से उड़ता हुआ मैनहट्टन के एक हेलीपोर्ट पर उतरा, जहां से मादुरो को एक बख्तरबंद वाहन में चढ़ाया गया। मादुरो के वकीलों द्वारा उनकी गिरफ्तारी की वैधता को इस तर्क के साथ चुनौती दिए जाने की उम्मीद है कि एक संप्रभु राष्ट्राध्यक्ष होने के नाते उन्हें अभियोजन से छूट प्राप्त है।
वीडियो में निकोलस मादुरो कैदी की वेशभूषा में नजर आए और उनके पैरों में लाल रंग के जूते हैं। सुरक्षाकर्मी घेरा बनाकर मादुरो की पत्नी को पहले ले गए। उसके बाद पीछे से मादुरो सुरक्षकर्मियों के घेरे के बीच अदालत में जाते हुए नजर आए। हाथों में हथकड़ी के साथ ही उनकी चाल कुछ लड़खड़ाई हुई सी थी। वे हल्का लड़खड़ाते हुए सुरक्षाकर्मियों के साथ नजर आए।
उधर, मादुरो को अपदस्थ करने और अपने कब्जे में लेने के बाद भी डोनाल्ड ट्रंप की हनक शांत नहीं हुई है। उन्होंने वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को चेतावनी दी है कि अगर वे सही काम नहीं करतीं तो उन्हें ‘बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ सकती है।'
बता दें कि अमेरिका ने शनिवार तड़के सैन्य अभियान में मादुरो और उनकी पत्नी को सैन्य अड्डे पर स्थित उनके आवास से पकड़ लिया था और उन्हें पहले एक अमेरिकी युद्धपोत पर ले जाया गया था। उन्हें अमेरिका में न्याय मंत्रालय द्वारा लगाए गए मादक पदार्थों से संबंधित आतंकवाद की साजिश में भाग लेने के आरोप में मुकदमे की कार्यवाही का सामना करना पड़ रहा है।
संपादक की पसंद