1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अपनी ही पार्टी के नेता ट्रंप के खिलाफ जमकर बरसीं निक्की हेली, अराजक से लेकर कह डाली ये बात

अपनी ही पार्टी के नेता ट्रंप के खिलाफ जमकर बरसीं निक्की हेली, अराजक से लेकर कह डाली ये बात

 Published : Oct 29, 2023 01:33 pm IST,  Updated : Oct 29, 2023 01:33 pm IST

अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव-2024 में रिपब्लिकन पार्टी की ओर से उम्मीदवार निक्की हेली ने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को आडे़ हाथों लिया है। निक्की हेली ने कहा कि यदि ट्रंप इस बार चुनाव जीतते हैं तो यह अमेरिका के लिए घातक होगा। हेली ने कहा ट्रंप अराजक और ड्रामेबाज हैं।

निक्की हेली, अमेरिकी राष्ट्रपति पद की रिपब्लिकन दावेदार।- India TV Hindi
निक्की हेली, अमेरिकी राष्ट्रपति पद की रिपब्लिकन दावेदार। Image Source : AP

अमेरिका में रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी की दौड़ में शामिल निक्की हेली ने अपनी ही पार्टी के नेता और अपने प्रतिद्वंदी डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। निक्की हेली ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगर 2024 के चुनाव में जीत जाते हैं, तो इसके परिणाम ‘‘चार वर्ष की अराजकता, प्रतिशोध और नाटक’’ के तौर पर सामने आएंगे, जो अमेरिका के लिए घातक सबित होंगे। हेली (51) ने कहा कि अमेरिका को एक ऐसे नेता की जरूरत है, जो देश को आगे ले जाए, न कि उसकी नैया डुबो दे। उन्होंने लास वेगास में शनिवार को ‘ज्यूइश रिपब्लिकन’ के एक प्रभावशाली समूह के समक्ष अपने संबोधन में पार्टी के वरिष्ठ नेता ट्रंप की जमकर आलोचना की। हेली ने हालांकि इजराइल के पक्ष वाली नीतियों का श्रेय ट्रंप को दिया, लेकिन साथ ही पूछा कि ‘‘सवाल यह है कि वह भविष्य के लिए क्या करेंगे।
 
’’ हेली ने ‘ रिपब्लिकन ज्यूइश कोलीशन’ के समक्ष अपने संबोधन में कहा, ‘‘इतिहास में यह बात दर्ज होगी कि ट्रंप इजराइल का समर्थन करने वाले राष्ट्रपति थे। ईरान के साथ हुए समझौते से बाहर आना जरूरी था। यरूशलम को इजराइल की राजधानी के तौर पर मान्यता देना गलत था, जिसे सही किया गया।  उन्होंने कहा, ‘‘ट्रंप जिस श्रेय के हकदार हैं, उन्हें उसका श्रेय देकर मुझे प्रसन्नता महसूस हो रही है और मुझे भी उन प्रयासों में भूमिका निभाकर सम्मानित महसूस हुआ।’’ इस वर्ष यहूदियों का सम्मेलन ऐसे वक्त में हुआ, जब इजराइल पर सात अक्टूबर को फलस्तीन के आतंकवादी गुट हमास ने हमला किया है। हेली ने कहा, ‘‘लेकिन अमेरिकी होने के नाते हमें एक अहम प्रश्न पूछने की जरूरत है।
 
निक्की ने ट्रंप पर उठाये कई गंभीर सवाल
हम सब जानते हैं कि ट्रंप ने अतीत में क्या किया। प्रश्न यह है कि वह भविष्य में क्या करेंगे? हम अपने वक्त के सबसे भयावह काल में जी रहे हैं। ’’ दक्षिण कैरोलाइना की पूर्व गवर्नर और ट्रंप प्रशासन में संयुक्त राष्ट्र की राजदूत रहीं हेली ने इजराइल और हमास तथा यूक्रेन युद्ध और इसके अलावा दुनिया के अन्य हिस्सों में हो रही हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया में आग लगी है। हेली ने कहा कि एक सैनिक की पत्नी और दो बच्चों की मां होने के नाते उनके लिए युद्ध रोकने, शांति बनाए रखने और अमेरिकी लोगों की रक्षा करने से ज्यादा कुछ भी मायने नहीं रखता। उन्होंने कहा, ‘‘ इससे पहले कि ज्यादा देर हो जाए हमें अपनी आजादी की रक्षा करनी चाहिए। ।’’ हेली ने कहा, ‘‘आठ वर्ष पहले ऐसा नेता होना अच्छा था, जो लीक से हटकर काम करता हो, लेकिन अब हमें ऐसा नेता चाहिए, जिसे चीजें सुधारना भी आता हो।’’ उन्होंने कहा कि अमेरिका को ‘‘एक ऐसे कैप्टन की जरूरत है, जो नैया पार लगाए न कि उसे डुबो दे। ​ (भाषा) 
 
यह भी पढ़ें
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से पहले ही इस उम्मीदवार ने वापस ले लिया अपना नाम, जानें क्या बताई वजह

हमास से बंधकों को छुड़ाने के लिए कितना खतरनाक है इजरायली सेना का प्लान, कांप उठेगी आतंकियों की रूह

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश