1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. नाइजीरिया पर मंडरा रहा बड़े आतंकी हमले का खतरा, अमेरिका और ब्रिटेन ने जारी की अडवाइजरी

नाइजीरिया पर मंडरा रहा बड़े आतंकी हमले का खतरा, अमेरिका और ब्रिटेन ने जारी की अडवाइजरी

 Published : Oct 28, 2022 12:25 pm IST,  Updated : Oct 28, 2022 12:27 pm IST

अफ्रीकी देश नाइजीरिया इन दिनों इस्लामिक आतंकवाद के खतरे से जूझ रहा है। यही वजह है कि अमेरिका और ब्रिटेन जैसे देशों ने अपने नागरिकों को इस देश की यात्रा करने से आगाह करने के साथ ही अन्य कई एहतियाती कदम उठाए हैं।

Nigeria, Nigeria Advisory, Nigeria US Advisory, Nigeria UK Advisory, Nigeria Terror Threat- India TV Hindi
नाइजीरिया की राजधानी में एक बड़े हमले की आशंका है। Image Source : AP FILE

वॉशिंगटन: अफ्रीकी देश नाइजीरिया में आतंकवाद का खतरा बढ़ता चला जा रहा है। इसकी वजह से देश की राजधानी अबुजा में स्थित दूतावासों में काम कर रहे कर्मचारियों की सुरक्षा को भी खतरा पैदा हो गया है। यही वजह है कि अमेरिका ने नाइजीरिया की राजधानी अबुजा में अपने दूतावास में तैनात कर्मचारियों के परिजनों को गुरुवार को देश छोड़ने का आदेश दिया है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने सभी अमेरिकियों से नाइजीरिया के किसी भी हिस्से की यात्रा करने की योजना पर एक बार सोच-विचार करने और अबुजा की यात्रा न करने को कहा है।

कोई बड़ा हमला होने जा रहा है?

अमेरिका के विदेश मंत्रालय को ये निर्देश इसलिए जारी करने पड़े क्योंकि नाइजीरिया धीरे-धीरे अशांत होता जा रहा है। मंत्रालय ने अबूजा स्थित अमेरिकी दूतावास में गैर-जरूरी सेवाओं के कर्मियों को उच्च सुरक्षा चिंताओं के कारण स्वेच्छा से देश छोड़ने की इजाजत देने के दो दिन बाद यह कदम उठाया है। उसने इस संबंध में विस्तार से तो कुछ नहीं बताया है, लेकिन अमेरिका के इस कदम से ऐसा लग रहा है कि कोई बड़ा हमला होना तय है।

Nigeria, Nigeria Advisory, Nigeria US Advisory, Nigeria UK Advisory, Nigeria Terror Threat
Image Source : AP FILEनाइजीरिया में इस्लामिक आतंकवाद ने सिर उठा लिया है।

नाइजीरिया में बढ़ा आतंकी खतरा
अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने नाइजीरिया के लिए ट्रैवल अडवाइजरी में कहा, ‘मंत्रालय ने बढ़ते आतंकवादी खतरे के बीच अबुजा में अमेरिकी सरकार के कर्मचारियों के परिवार वालों को वहां से निकलने का आदेश दिया है।’ ध्यान देने वाली बात है कि नाइजीरिया एक दशक से भी अधिक समय से अपने पूर्वोत्तर में इस्लामी कट्टरपंथियों की बगावत से जूझ रहा है। देश की राजधानी अबुजा में आतंकवादी हमले भले ही कम हुए हैं, लेकिन इब इनका खतरा बढ़ता हुआ नजर आ रहा है। 

ब्रिटेन ने भी जारी किया था अलर्ट
बता दें कि अबुजा स्थित अमेरिकी दूतावास ने रविवार को ‘आतंकवादी हमलों के बढ़ते खतरे’ को देखते हुए ‘अलर्ट’ जारी किया था। उसने कहा था कि सरकारी इमारतों, धार्मिक स्थलों व अन्य सार्वजनिक स्थानों को निशाना बनाया जा सकता है। नाइजीरिया में ब्रिटेन के उच्चायोग ने भी ऐसे ही ‘अलर्ट’ जारी किए थे। वहीं, नाइजीरिया की खुफिया पुलिस ‘डिपार्टमेंट ऑफ स्टेट सर्विसेज’ ने शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि ऐसे हमलों को रोकने के लिए ‘एहतियाती कदम’ उठाए गए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश