1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका ने दिया सीक्रेट हथियार, यूक्रेन ने पहली बार रूस पर किए दनादन वार

अमेरिका ने दिया सीक्रेट हथियार, यूक्रेन ने पहली बार रूस पर किए दनादन वार

 Published : Apr 25, 2024 06:43 am IST,  Updated : Apr 25, 2024 07:37 am IST

अमेरिका ने यूक्रेन को मिसाइलों का जखीरा उपलब्ध करवाया है। यूक्रेन ने इन मिसाइलों का उपयोग रूसी टारगेट को निशाने बनाने में किया है। खास बात यह है कि ये मिसाइलों लंबी दूरी की मारक क्षमता से लैस हैं।

अमेरिका ने यूक्रेन को दी मिसाइल (प्रतीकात्मक तस्वीर)- India TV Hindi
अमेरिका ने यूक्रेन को दी मिसाइल (प्रतीकात्मक तस्वीर) Image Source : AP

वाशिंगटन: रूस और यूक्रेन के बीच जंग जारी है। इस जंग में यूक्रेन को अमेरिका का पूरा सहयोग मिल रहा है। हाल ही में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने यूक्रेन के लिए 61 अरब अमेरिकी डॉलर की सहायता को मंजूरी दी थी। लेकिन इस बीच यूक्रेन ने अमेरिका की तरफ से गुप्त रूप से प्रदान की गई लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों का पहली बार इस्तेमाल किया है। अमेरिकी अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी है। अधिकारियों ने बताया कि पिछले सप्ताह क्रीमिया में एक सैन्य हवाई क्षेत्र समेत एक अन्य कब्जे वाले क्षेत्र में रूसी सेना पर बमबारी की गई। 

अमेरका ने दी मिसाइल 

अमेरिका ने बीते साल अक्टूबर में दोगुनी मारक क्षमता वाली नई मिसाइल यूक्रेन को उपलब्ध कराई थी। इन मिसाइलों के जरिए 300 किलोमीटर दूरी तक के लक्ष्य पर निशाना साधा जा सकता है। एक अधिकारी ने बताया कि अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन की तरफ से हस्ताक्षरित एक नए सैन्य सहायता पैकेज के तहत यूक्रेन को ये मिसाइलें दी जा रही है। इस बीच ‘ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ’ के उपाध्यक्ष ने कहा कि यूक्रेन को लंबी दूरी की मिसाइल उपलब्ध कराने का ‘यह सही समय है’। 

रूसी ठिकानों को निशाना बना सकता है यूक्रेन 

हाल के समय में यूक्रेन सैन्य साजोसामान की कमी से जूझ रहा है। रूस की तरफ से यूक्रेन पर हमले तेज कर दिए गए हैं। यूक्रेन को लगातार रूसी हमलों का सामना करना पड़ रहा है। यूक्रेन लंबी दूरी की मिसाइल प्रणाली के लिए अनुरोध कर रहा था। अब अमेरिका की ओर से उपलब्ध कराई गई मिसाइल दूर स्थित रूसी टारगेट को निशाना बना सकती है। इन मिसाइलों के उपयोग से यूक्रेन को जंग में अहम बढ़त मिल सकती है।  

यूक्रेन को मिल रही मदद 

यहां यह भी बता दें कि, अमेरिका की तरफ से मदद के बाद अब ब्रिटेन भी यूक्रेन की मदद के लिए आगे आया है। ब्रिटेन ने यूक्रेन के लिए नई सैन्य आपूर्ति के तहत 62 करोड़ अमेरिकी डॉलर की अतिरिक्त राशि देने का वादा किया है। ब्रिटेन ने यह घोषणा ऐसे समय की है जब रूस-यूक्रेन युद्ध तीसरे साल में है और पूर्वी सीमा पर रूसी सेनाओं को आगे बढ़ने से रोकने के लिए यूक्रेन संघर्ष कर रहा है। (एपी) 

यह भी पढ़ें:

मौत की दहलीज पर खड़ी थी महिला, अमेरिका के डॉक्टरों ने सुअर की किडनी लगाकर बचा दी जान

हिंद-प्रशांत क्षेत्र में ताइवान पर बढ़ा तनाव, अमेरिका और चीन चुनौतियों का सामना करने आए आगे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश