1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. Jake Sullivan India Visit: जानिए किसने कहा, भारत और अमेरिका के बीच है दोस्ती का अनूठा रिश्ता

Jake Sullivan India Visit: जानिए किसने कहा, भारत और अमेरिका के बीच है दोस्ती का अनूठा रिश्ता

 Published : Jun 18, 2024 12:32 pm IST,  Updated : Jun 18, 2024 12:32 pm IST

अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन भारत की यात्रा पर हैं। इस बीच व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा संचार सलाहकार जॉन किर्बी ने भारत-अमेरिका के रिश्तों को लेकर बड़ी बात कही है।

व्हाइट हाउस - India TV Hindi
व्हाइट हाउस Image Source : FILE AP

वाशिंगटन: दुनिया के दो सबसे पुराने और सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में अमेरिका और भारत के बीच दोस्ती का एक अनूठा रिश्ता है। अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन का भारत दौरा सुरक्षित तथा अधिक समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण के लिए इस साझेदारी को और गहरा करेगा। व्हाइट हाउस ने यह बात कही। सुलिवन 17 से 18 जून तक नई दिल्ली की यात्रा पर हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार बनने के बाद जो बाइडेन प्रशासन के किसी वरिष्ठ अधिकारी की यह पहली भारत यात्रा है। सुलिवन ने सोमवार को भारतीय राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से मुलाकात की थी।

भारत-अमेरिका के बीच दोस्ती का रिश्ता 

व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा संचार सलाहकार जॉन किर्बी ने सोमवार को यहां संवाददाताओं से कहा, ''विश्व के दो सबसे पुराने और सबसे बड़े लोकतंत्र होने के नाते अमेरिका और भारत के बीच दोस्ती का एक अनोखा रिश्ता है। सुलिवन का दौरा दोनों देशों के बीच साझेदारी को और अधिक मजबूत बनाएगा ताकि सुरक्षित और अधिक समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र का निर्माण हो सके।''

भारत-अमेरिका के बीच ऐतिहासिक साझेदारी

किर्बी ने कहा कि सुलिवन नई दिल्ली में 'अमेरिका-इंडिया इनीशियेटिव ऑन क्रिटिकल एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजी' की सह-अध्यक्षता करेंगे। इस पहल को आईसीईटी के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने कहा कि यह पहल अंतरिक्ष, सेमीकंडक्टर, उन्नत दूरसंचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी और स्वच्छ ऊर्जा सहित प्रमुख प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में रणनीतिक सहयोग का विस्तार करने के लिए एक ऐतिहासिक साझेदारी है।

इस बात का नहीं दिया जवाब 

किर्बी ने चेक गणराज्य से अमेरिका प्रत्यर्पित किए गए भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को लेकर पूछे गए सवालों का जवाब नहीं दिया। गुप्ता पर खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की सुपारी देकर हत्या कराने की साजिश में शामिल रहने का आरोप है। (भाषा)

यह भी पढ़ें:

इटली के दक्षिणी समुद्री तट के पास डूबे 2 जहाज, 11 लोगों की हुई मौत; 64 लापता

अमेरिका में भारतीय मूल की महिला की गोली मारकर हत्या, एक अन्य घायल; आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश