पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए ने अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया। एनडीए के संकल्प पत्र में कई सारी योजनाओं का वादा किया गया है, लेकिन घोषणाओं से ज्यादा चर्चा हुई एनडीए की प्रेस कॉन्फ्रेंस की। दरअसल संकल्प पत्र जारी करने के बाद एनडीए के नेताओं ने ना तो इनके बारे में डिटेल से जानकारी दी..ना ही सवाल-जवाब किए। महागठबंधन के नेताओं ने इसे ही मुद्दा बना लिया। घोषणापत्र लांच होने के तुरंत बाद एनडीए नेताओं जेपी नड्डा, नीतीश कुमार, जीतनराम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा और चिराग पासवान चले गए और किसी ने प्रेस कांफ्रेंस नहीं किया। सिर्फ बीजेपी नेता और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने मीडिया को घोषणा पत्र के बारे में जानकारी दी।
Related Stories
लालू यादव ने एनडीए पर साधा निशाना
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने एनडीएम के घोषणा पत्र जारी करने के तौर तरीके पर सवाल उठाया। लालू यादव ने एक्स हैंडल पर देर रात ट्वीट कर कहा, 'जिन लोगों को अपना घोषणा पत्र पढ़ने तक के लिए समय नहीं है वो लोग उस घोषणा पत्र को लागू कर ही नहीं सकते। उनका इतिहास और वर्तमान ये सिद्ध भी कर चुका है इसलिए जनता अब संकल्प ले चुकी है कि महागठबंधन के प्रण को चुनेंगे , जनता की तेजस्वी सरकार लायेंगे'।
तेजस्वी यादव ने भी एनडीए के नेताओं पर बोला हमला
वहीं, महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार को पता ही नहीं होगा कि घोषणापत्र में क्या है। बीजेपी को लगा होगा कि कहीं नीतीश कुमार कुछ उल्टा-सीधा ना बोल दें..इसलिए 26 सेकेंड में ही प्रेस कॉन्फ्रेंस खत्म कर दी गई। तेजस्वी ने कहा कि लोकतांत्रिक इतिहास में एनडीए का बिहार को लेकर घोषणा पत्र केवल 26 सेकेंड में ही जारी कर दिया गया और उसमें वर्तमान मुख्यमंत्री को बोलने भी नहीं दिया गया। ऐसी क्या पर्देदारी और ऐसा क्या रिश्ता जिसे हर जगह छुपाया जा रहा है?
कांग्रेस बोली- 26 सेकेंड की प्रेस कॉन्फ्रेंस पहली बार देखी
वहीं, कांग्रेस नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि 26 सेकेंड की प्रेस कॉन्फ्रेंस जिंदगी में पहली बार देखी है। NDA के पास बताने को कुछ था ही नहीं...ऊपर से ये भी चिंता रही होगी कि नीतीश कुमार पता नहीं क्या कह दें...लगता है इसीलिए NDA के नेता बिना बोले 26 सेकेंड में निकल गए।