1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना के स्कूल में मिला 4 साल के मासूम का शव, गुस्साए परिजनों ने सड़क पर किया हंगामा

पटना के स्कूल में मिला 4 साल के मासूम का शव, गुस्साए परिजनों ने सड़क पर किया हंगामा

 Reported By: Nitish Chandra Edited By: Avinash Rai
 Published : May 17, 2024 10:46 am IST,  Updated : May 17, 2024 10:46 am IST

पटना के एक प्राइवेट स्कूल से दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक स्कूल के कमरे में बने गटर में एक बच्चे का शव मिला है। बच्चे का शव मिलने के बाद परिजनों ने खूब हंगामा किया। हालांकि पुलिस घटना की जांच में जुट चुकी है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

bihar crime news 4 year old student dead body found in a school in Patna family members created a ru- India TV Hindi
पटना के स्कूल में मिला 4 साल के मासूम का शव Image Source : ANI

बिहार की राजधानी पटना में एक स्कूल में मासूम बच्चे का शव मिलने के बाद से खूब विवाद देखने को मिल रहा है। दरअसल मामला दीघा इलाके का है। यहां टीनी टॉट नाम के निजी स्कूल में एक 4 साल के बच्चे का शव मिला। यह शव कमरे में गटर के अंदर से बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि गुरुवार की सुबह बच्चा स्कूल में पढ़ने गया था। लेकिन छुट्टी के बाद बच्चा स्कूल से वापस नहीं आया। इसके बाद परिजनों ने बच्चे की खोजबीन शुरू की। परिजन बच्चे की तलाश में स्कूल गए। जब स्कूल में पूछताछ की गई तो स्कूल प्रबंधन ने बच्चे के स्कूल से घर जाने की बात कही। 

बिहार के स्कूल में मिला बच्चे का शव

परिजन फिर भी नहीं मानें और बच्चे की तलाश करने के लिए स्कूल की खाक छानने लगे। बताया जा रहा है कि बच्चे की तलाश में परिजनों ने स्कूल परिसर में एक कमरे के गटर को खोला तो सभी दंग रह गए। गटर के अंदर मासूम बच्चे का शव पड़ा था। इसके बाद स्कूल में बवाल मच गया। परिजनों ने स्कूल में खूब हंगामा किया। इसके बाद घटना की सूचना आनन-फानन में दीघा थाना की पुलिस को दी गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पुलिस की टीम पहुंची। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया और बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों ने किया हंगामा

शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने के बाद मामले की जांच में पुलिस जुट चुकी है। इधर आंक्रोशित स्थानीय लोगों और परिजनों ने खूब हंगामा किया। सड़क पर जाम लगा दिया गया और आगजनी की गई। साथ ही स्कूल के एक हिस्से को भी स्थानीय लोगों और परिजनों ने आग के हवाले कर दिया। हालांकि आग की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। इसके बाद मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुंची और स्कूल की इमारत में लगी आग पर काबू पाया। फिलहाल प्रशासन और पुलिस ने लोगों और परिजनों को समझा बुझाकर सड़क से हटा दिया है और पुलिस मामले की जांच में जुट चुकी है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।