1. Hindi News
  2. बिहार
  3. Bihar: शादी में डीजे पर नाचने से किया इनकार, दबंगों ने 10 साल की बच्ची को आग लगाई

Bihar: शादी में डीजे पर नाचने से किया इनकार, दबंगों ने 10 साल की बच्ची को आग लगाई

 Published : Jan 20, 2023 08:42 am IST,  Updated : Jan 20, 2023 08:42 am IST

बिहार के हाजीपुर ज़िले के बहुआरा गांव में दबंगों ने छठी क्लास में पढ़ने वाली एक लड़की के ऊपर तेल डालकर आग लगा दी।

बिहार के हाजीपुर में लड़की को जलाया- India TV Hindi
बिहार के हाजीपुर में लड़की को जलाया Image Source : REPRESENTATIONAL IMAGE

पटना: बिहार के हाजीपुर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक गांव के दबंगो की दरिंदगी ने इंसानियत को हिलाकर रख दिया। बिहार के हाजीपुर में गांव के दबंगो ने एक दस साल की लड़की को आग के हवाले कर दिया और फरार हो गए। वो तो वक्त रहते लड़की को इलाज मिल गया जिसकी वजह से वो अब खतरे से बाहर है। पुलिस फिलहाल फरार हो चुके दोनों लड़कों की तलाश कर रही है।  

डीजे पर डांस करने से रोकने पर हुए नाराज

बिहार के हाजीपुर में एक गांव में शादी के दौरान लड़कियों ने इन दबंग लड़कों को अपने साथ डीजे पर डांस करने से रोका था। इसी बात से नाराज़ होकर दो लड़कों ने लड़की पर तेल डाला और उसे आग के हवाले कर दिया। इस खटना को सुनकर पूरा बहुआरा गांव हैरान है। जिले के बड़े अफसरों के कान खड़े हो गये। किसी को यकीन नहीं हो रहा कि बिहार के हाजीपुर ज़िले के बहुआरा गांव में दबंगों ने छठी क्लास में पढ़ने वाली एक लड़की के ऊपर तेल डालकर आग लगा दी। पुलिस का दावा है कि जल्द आरोपी गिरफ्तार हो जाएंगे। इधर अस्पताल में जूझ रही लड़की खतरे से बाहर है लेकिन सहमी हुई है। 

"मेरे ऊपर पेट्रोल डाला और आग लगाकर भाग गए"
दबंगो की ये करतूत पीड़ित बच्ची ने खुद बताई। पीड़ित लड़की ने कहा, "रोशन भइया की शादी थी उसी में हम लोग बिलौकी गए थे। हम लोग वहां पर डांस कर रहे थे तो भइया लोग आकर हम लोगों के साथ डांस करने लगे। हमने कहा कि जाइये, तो उसी में हम लोगों से झगड़ा कर लिया। जब बारात का भोज खाकर आ रहे थे, तो रास्ते में रोक कर बोलते हैं कि नहीं जाने देंगे। तब मैं चिल्लाने लगी तो सब लोग आए। रात हुई तो मैं दादी के पास सो गई थी। रात के बाद सुबह मैं बाथरूम गई तो दोनों भईया बाथरूम से आ रहे थे। तो दोनों भईया मुझे पीछे से आकर मेरा मुंह बंद करके और थोड़ा दूर ले गये। मेरा हाथ भी पकड़ लिया, और बोलते हैं कि तुमको हम जला देंगे। फिर मेरे ऊपर पेट्रोल डाल दिया और आग लगाकर भाग गए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।