1. Hindi News
  2. बिहार
  3. BJP Attack Back on Nitish Kumar: CM नीतीश कुमार पर बीजेपी ने किया पलटवार, पूछा- JDU ने जब विधायकों को तोड़ा, तो क्या वह पुण्य था?

BJP Attack Back on Nitish Kumar: CM नीतीश कुमार पर बीजेपी ने किया पलटवार, पूछा- JDU ने जब विधायकों को तोड़ा, तो क्या वह पुण्य था?

 Edited By: Malaika Imam
 Published : Sep 03, 2022 07:23 pm IST,  Updated : Sep 03, 2022 07:23 pm IST

BJP Attack Back on Nitish Kumar: बीजेपी नेता ने कहा कि नीतीश कुमार कहते हैं किसी पार्टी के जीतने वाले को अपनी तरफ लेना लोकतंत्र का हनन है, ऐसा कर वे खुद को और लालू प्रसाद को ही कटघरे में खड़ा कर रहे हैं।

BJP Leader Vijay Kumar Sinha And CM Nitish Kumar- India TV Hindi
BJP Leader Vijay Kumar Sinha And CM Nitish Kumar Image Source : FILE PHOTO

Highlights

  • 'तेजस्वी ने AIMIM का विलय कराया तो क्या वह सही था?'
  • सिन्हा का तंज, CM बयान भी बदलते रहते हैं और पाला भी
  • 'विपक्ष एकजुट हो जाए, 2024 का परिणाम बहुत अच्छा होगा'

BJP Attack Back on Nitish Kumar: मणिपुर के जेडीयू विधायकों के बीजेपी में शामिल होने के बाद जेडीयू और बीजेपी आमने-सामने आ गए हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसे लेकर प्रहार किया, तो इस पर बीजेपी ने भी पलटवार करने में देर नहीं की। बिहार में विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि नीतीश कुमार कहते हैं किसी पार्टी के जीतने वाले को अपनी तरफ लेना लोकतंत्र का हनन है, ऐसा कर वे खुद को और लालू प्रसाद को ही कटघरे में खड़ा कर रहे हैं। सिन्हा ने कहा कि शनिवार को जब वे पत्रकारों से बात कर रहे थे, तो उनके बगल में खड़े मंत्री अशोक चौधरी भी बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष थे।

उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि अभी हाल ही आपके सहयोगी तेजस्वी यादव ने AIMIM का विलय कराया तो क्या वह सही था? उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि पूर्व में जो आपने दर्जनों विधायकों को लोजपा, बसपा, कांग्रेस, आरजेडी से तोड़ा तो क्या वह सब पुण्य का काम था? सिन्हा ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का दोहरा चरित्र पता नहीं चलता है। वे बयान भी बदलते रहते हैं और पाला भी।

'नीतीश कुमार का जनाधार लगातार घट रहा' 

सिन्हा ने कहा कि आज लगातार नीतीश कुमार का जनाधार घट रहा है। वर्ष 2010 में जदयू की 115 सीट थी, 2015 में 70 पर आए और 2020 में 43 पर आ गए। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि वर्ष 2025 में यह आंकड़ा इकाई में रह जाएगा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुनार पर अब न जनता को विश्वास रहा, न जन प्रतिनिधियों को, वे विश्वास हासिल करने के बजाय बीजेपी को कोसने में लगे हैं, लेकिन इससे उन्हें कुछ हासिल नहीं होगा। 

BJP Leader Vijay Kumar Sinha
Image Source : FILE PHOTOBJP Leader Vijay Kumar Sinha

सोचने की जरुरत है कि क्या हो रहा है- नीतीश

इससे पहले, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि अगर सभी विपक्ष एकजुट हो जाते हैं, 2024 का परिणाम बहुत अच्छा होगा। नीतीश कुमार पटना में पत्रकारों की ओर से मणिपुर में जेडीयू के विधायकों के बीजेपी में शामिल होने के संबंध में पूछे जाने पर कहा कि हमें यह सोचने की जरुरत है कि क्या हो रहा है, यह क्या कृत्य हो रहा है, यह पहली बार हो रहा है।

उन्होंने कहा कि जब वह एनडीए (NDA) से अलग हुए, तो मणिपुर के सभी छह विधायक आए और उनसे मिले, उन्हें आश्वासन दिया कि वे जदयू के साथ हैं। उन्होंने कहा कि विधायक पार्टियों से नाता क्यों तोड़ रहे हैं। उन्होंने भड़कते हुए कहा, जरा सोचिए क्या हो रहा है। वे अन्य पार्टियों से जीतने वाले विधायकों को कैसे तोड़ रहे हैं? उन्होंने कहा कि जनता देख रही है कि बीजेपी क्या कर रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।