बिहार के रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां दोस्ती, प्रेम और पंचायत के बीच एक ऐसा घटनाक्रम हुआ जिसने पूरे इलाके को चर्चा में ला दिया। एक युवक ने अपने ही करीबी दोस्त की पत्नी को प्रेम जाल में फंसाकर शुक्रवार की सुबह हनुमान मंदिर परिसर में उससे शादी रचा ली। यह पूरा घटनाक्रम रातभर चले हाई वोल्टेज ड्रामे और पंचायत के बाद संभव हो सका।
ये है पूरा मामला
घटना की शुरुआत गुरुवार की मध्य रात्रि से हुई, जब नटवार थाना क्षेत्र का निवासी युवक अपने दोस्त की पत्नी से मिलने उसके घर पहुंच गया। इस दौरान घरवालों ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। इसके बाद माहौल गर्म हो गया और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। बताया जाता है कि मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी। रातभर गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और मामला पंचायत तक पहुंच गया। पंचायत में दोनों पक्षों को बुलाकर पूरे मामले की गंभीरता से सुनवाई की गई।
पंचायत के फैसले से हुआ समाधान
स्थानीय सरपंच प्रतिनिधि के अनुसार, यह मामला पहले भी विवाद में आ चुका था और FIR भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन बाद में पंचायत के माध्यम से समझौता कराया गया था। इस बार भी स्थिति को देखते हुए पंचायत ने आपसी सहमति से मामला सुलझाने का प्रयास किया। रातभर चली पंचायत के बाद अंततः यह निर्णय लिया गया कि दोनों युवक-युवती अगर साथ रहना चाहते हैं तो सामाजिक रूप से उन्हें स्वीकार कर लिया जाए। इसके बाद शुक्रवार की सुबह दिनारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास स्थित हनुमान मंदिर परिसर में शादी की रस्म पूरी कराई गई।

मंदिर में हुई शादी, पति बना गवाह
सुबह होते ही मंदिर परिसर में ग्रामीणों और युवती के परिजनों की उपस्थिति में दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और मां दुर्गा को साक्षी मानकर विवाह कर लिया। हैरानी की बात यह रही कि युवती का पहला पति भी इस शादी का गवाह बना। पंचायत के इस फैसले ने सभी को चौंका दिया, लेकिन गांव में शांति बनाए रखने के लिए इसे स्वीकार कर लिया गया।
दिल्ली से शुरू हुई प्रेम कहानी
जानकारी के अनुसार, युवती की शादी जून 2021 में नटवार थाना क्षेत्र के एक युवक से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद दोनों दिल्ली में रहने लगे, जहां पति का एक करीबी दोस्त भी रहता था। इसी दौरान दोनों मित्रों के बीच आना-जाना बढ़ा और धीरे-धीरे युवक का दोस्त उसकी पत्नी के करीब आ गया। समय के साथ दोनों के बीच प्रेम संबंध गहरा होता गया और उन्होंने एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का फैसला कर लिया। युवती का एक 4 साल का बेटा भी है, जो फिलहाल उसके साथ ही रह रहा है।
देखें वीडियो-
गुजरात जाने के बाद बढ़ा विवाद
बताया जाता है कि कुछ महीने पहले पति अपनी पत्नी को गांव लाया था, लेकिन बाद में कमाने के लिए गुजरात चला गया। इसी बीच युवती अपने मायके चली गई। तभी मौका पाकर युवक का दोस्त दिल्ली से उससे मिलने गांव पहुंच गया। इसकी भनक लगते ही पति गुजरात से वापस गांव पहुंचा और देर रात दोनों को साथ पकड़ लिया। इसके बाद मारपीट और पंचायत का सिलसिला शुरू हुआ, जो अंततः शादी पर जाकर खत्म हुआ।
पति ने बताई पूरी कहानी-
इलाज के बाद मंदिर में विवाह
मारपीट में घायल युवक और अन्य लोगों का इलाज दिनारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। इलाज के बाद पंचायत के निर्णय के अनुसार दोनों को मंदिर ले जाया गया, जहां विधिवत शादी संपन्न कराई गई। यह अनोखी शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। जहां एक ओर लोग इसे प्रेम की जीत मान रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे सामाजिक मर्यादाओं के खिलाफ बता रहे हैं। फिलहाल पंचायत के फैसले के बाद गांव में शांति बनी हुई है।
(रिपोर्ट- रंजन सिंह)
यह भी पढ़ें-
60 साल के स्कूल मैनेजर को 28 की टीचर से हुआ प्यार, नेपाल भागकर रचा ली शादी; गांव में तनाव