1. Hindi News
  2. बिहार
  3. VIDEO: शादी समारोह का चोरों ने उठाया फायदा! मुहल्ले में एक ही रात में 4 घरों के ताले टूटे, साफ की 10 लाख की संपत्ति

VIDEO: शादी समारोह का चोरों ने उठाया फायदा! मुहल्ले में एक ही रात में 4 घरों के ताले टूटे, साफ की 10 लाख की संपत्ति

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : May 13, 2026 05:29 pm IST,  Updated : May 13, 2026 05:55 pm IST

मुहल्ले में हो रही शादी का फायदा चोरों ने उठाया है। शादी की धूमधाम के बीच चोरों ने एक ही रात में मुहल्ले के चार घरों में लाखों की चोरी की है। इसमें बड़ी मात्रा सोना-चांदी भी शामिल है।

शिवहर में चोरी- India TV Hindi
शिवहर में चोरी Image Source : REPORTER INPUT

बिहार के शिवहर जिले से लाखों की चोरी की हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। जहां पिपराही थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर पंचायत के छतौना गांव में मंगलवार देर रात 1 से 2 बजे चोरी की घटना हुई है। चोरों ने एक ही मोहल्ले के चार घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया है। घटना उस समय हुई, जब मोहल्ले में शादी समारोह चल रहा था। अधिकांश लोग अपने-अपने घरों में सोए हुए थे। कुछ लोग शादी में व्यस्त थे।

इन लोगों के घरों में हुई चोरी

जानकारी के अनुसार, हरिशंकर महतो, युसूफ अंसारी, समसुल अंसारी और सलेबुन खातून के घरों में चोरों ने धावा बोलकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि चोरों ने खासकर सोने-चांदी के आभूषणों को निशाना बनाया है। 

पीछे के रास्ते घर में घुसे चोर

प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चारों घरों से कुल मिलाकर 10 लाख रुपये से अधिक की चोरी हुई है। पीड़ित समसुल अंसारी ने बताया कि परिवार के लोग घर के बगल वाले कमरे में सोए हुए थे, जबकि दूसरे कमरे में बेटी की शादी के लिए रखे गए जेवरात सुरक्षित रखे गए थे। चोर पीछे के रास्ते छत के सहारे घर में घुसे और ताला तोड़कर सभी जेवरात लेकर फरार हो गए। 

करीब 6 लाख केी ज्वेलरी चोरी

उन्होंने बताया कि उनकी एक बेटी की शादी हो चुकी है और वह दूसरे शहर में रहती है। उसका जेवर भी घर में रखा हुआ था, जिसे चोर उठा ले गए। समसुल अंसारी के अनुसार करीब 6 लाख रुपये के आभूषण चोरी हुए हैं।

नगदी लेकर भी फरार हुए चोर

वहीं, हरिशंकर महतो ने बताया कि वह खेती-किसानी का काम करते हैं और आलू-प्याज एवं सब्जी बिक्री का पैसा भी घर में रखा हुआ था। उन्होंने कहा कि जिस कमरे में परिवार सो रहा था, उस कमरे के दरवाजे को बाहर से कपड़े से बांध दिया गया ताकि कोई बाहर न निकल सके। इसके बाद चोर दूसरे कमरे में घुसकर तीन से चार लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नगदी लेकर फरार हो गए। 

शादी के शोर में कुछ नहीं सुनाई दिया

ग्रामीण मुस्तकीम अंसारी ने बताया कि जिस मोहल्ले में चोरी हुई, वहीं बगल में शादी समारोह भी चल रहा था। शादी की चहल-पहल और रात के शोरगुल का फायदा उठाकर चोरों ने आराम से वारदात को अंजाम दिया। 

जानिए क्या बोली पुलिस की टीम?

चोरी की सूचना मिलने के बाद पिपराही थानाध्यक्ष उमाकांत सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचकर जांच किया गया है तो पता चला कि तीन घर में एक लाख की चोरी हुई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरी के तरीके को देखते हुए पेशेवर गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। 

समीर कुमार झा की रिपोर्ट

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।