1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. बस स्टैंड पर तलाशी के दौरान उड़े पुलिस के होश, 3 लोगों के पास मिला 8 करोड़ रुपये का सोना

बस स्टैंड पर तलाशी के दौरान उड़े पुलिस के होश, 3 लोगों के पास मिला 8 करोड़ रुपये का सोना

 Published : Oct 18, 2024 10:26 pm IST,  Updated : Oct 18, 2024 10:26 pm IST

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने 3 लोगों के पास से 8 करोड़ रुपये का सोना बरामद हुआ है। पुलिस ने इन तीनों लोगों से इस सोने के बारे में पूछताछ कर रही है।

Chhattisgarh News, Chhattisgarh Gold, Chhattisgarh Gold Bus Stand- India TV Hindi
रायपुर में पुलिस ने पकड़ा 8 करोड़ रुपये का सोना। Image Source : AI REPRESENTATIONAL

रायपुर: छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले की पुलिस ने जब बस स्टैंड पर 3 लोगों की तलाशी ली होगी तो उसे यकीन नहीं रहा होगा कि वह इतनी बड़ी मात्रा में सोना बरामद करने जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रायपुर पुलिस ने 3 लोगों के पास से 8 करोड़ रुपये मूल्य के 12 किलोग्राम से अधिक वजन के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस ने सूचना के आधार पर यह तलाशी अभियान चलाया था और सोने की बरामदगी की। बता दें कि यह बस स्टैंड रायपुर शहर दक्षिण विधानसभा सीट में पड़ता है जहां 13 नवंबर को उपचुनाव होने वाला है।

‘शहर में चलाया जा रहा है ऑपरेशन’

पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि शहर के भाठागांव क्षेत्र में स्थित बस स्टैंड पर सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने 35 साल के लिंगराज नायक, 27 साल के हितेश तांडी और 28 साल के शुभम पात्रो के पास से लगभग 12 किलो 800 ग्राम सोने के गहने बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत 8 करोड़ रुपये है। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शहर में लगातार होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए रायपुर पुलिस अवैध कारोबार करने वाले कारोबारियों के बारे में सूचना इकट्ठा कर रही है।

‘आरोपियों से पूछताछ की जा रही है’

संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सूचना के आधार पर टिकरापारा थाने की पुलिस ने शुक्रवार को भाठागांव स्थित बस स्टैंड पर सर्च ऑपरेशन चलाया और रायपुर के निवासी तीनों युवकों के पास से भारी मात्रा में सोना बरामद किया। उन्होंने बताया कि तीनों से जब पूछताछ की गई लेकिन जब उन्होंने इस संबंध में किसी भी प्रकार का वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया तो सोना सील बंद करके आगे की कार्यवाही के लिए आयकर विभाग को सौंप दिया गया। सिंह ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।