1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. कांकेर एनकाउंटर में 5 लाख की इनामी नक्सली ढेर, पिस्तौल और गोला-बारूद बरामद

कांकेर एनकाउंटर में 5 लाख की इनामी नक्सली ढेर, पिस्तौल और गोला-बारूद बरामद

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Apr 13, 2026 01:04 pm IST,  Updated : Apr 13, 2026 01:04 pm IST

मुठभेड़ में मारी गई नक्सली के ऊपर 5 लाख रुपये का इनाम था। वह रूपी दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी के सदस्य विजय रेड्डी की पत्नी थी। विजय की मौत 2025 में एक एनकाउंटर के दौरान हुई थी।

kanker- India TV Hindi
सुरक्षाबलों के जवान (फाइल फोटो) Image Source : PTI

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षाबलों ने पांच लाख की इनामी नक्सली को ढेर कर दिया है। मुठभेड़ में मारी गई महिला नक्सली एरिया कमेटी सदस्य रूपी है। रूपी का पति भी नक्सली था, जो 2025 में मारा गया था। सोमवार को पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह मुठभेड़ 31 मार्च को सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ को सशस्त्र माओवादी मुक्त घोषित किए जाने के 12 दिन बाद हुई है। कांकेर जिले के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने बताया कि जिले के छोटेबेठिया-परतापुर थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में स्थित माचपल्ली-आरामझोरा-हिडूर इलाके के जंगलों में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर पुलिस बल ने अभियान शुरू किया था। 

पुलिस अधिकारी राखेचा ने बताया कि अभियान के दौरान पुलिस बल और माओवादियों के बीच माचपल्ली इलाके में मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से एक महिला माओवादी का शव बरामद किया गया। शव की पहचान एरिया कमेटी सदस्य रूपी के रूप में हुई है। वह दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (डीकेएसजेडसी) के सदस्य विजय रेड्डी की पत्नी थी। विजय रेड्डी भी पिछले साल सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया था। 2025 में मानपुर-मोहला जिले में एक मुठभेड़ के बाद विजय का शव बरामद किया गया था। 

पिस्तौल और गोला-बारूद बरामद

राखेचा ने बताया कि मुठभेड़ में मारी गई रूपी बस्तर क्षेत्र में सक्रिय अंतिम तेलुगू माओवादी कैडर थी। अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल से शव के अलावा एक पिस्तौल, गोला-बारूद तथा अन्य सामान बरामद किया गया है। आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल तथा अन्य सुरक्षा बलों द्वारा खोज अभियान जारी है। बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टलिंगम ने कहा कि शासन माओवादियों से लगातार आत्मसमर्पण करने की अपील कर रहा है और उन्हें पुनर्वास का अवसर दे रहा है, जिसके प्रभाव से गत महीनों में बड़ी संख्या में माओवादियों ने पुनर्वास का मार्ग अपनाया है, लेकिन रूपी जैसे कुछ कैडरों ने पुनर्वास के मार्ग को छोड़कर हिंसात्मक रास्ता अपनाया, जिसका परिणाम आज उनके अंत के रूप में सामने आया है। 

इस साल 28 नक्सली ढेर

सुंदरराज ने शेष बचे माओवादियों से हिंसा के मार्ग को त्यागने और मुख्यधारा में लौटकर एक शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की शुरुआत करने की अपील की। इस घटना के साथ ही, इस वर्ष अब तक छत्तीसगढ़ में अलग-अलग मुठभेड़ में कम से कम 28 नक्सली मारे जा चुके हैं। पिछले वर्ष, सुरक्षा बलों ने पूरे राज्य में मुठभेड़ों में कुल 285 नक्सलियों को ढेर किया था। केंद्र सरकार ने देश से वामपंथी उग्रवाद को पूरी तरह खत्म करने के लिए 31 मार्च की समय सीमा निर्धारित की थी।

यह भी पढ़ें-

सीएम विष्णु देव साय ने 'नक्सल मुक्त' घोषित छत्तीसगढ़ के लिए पेश किया खाका, कहा- राज्य की प्रगित में बन रहा था बाधा

कांकेर में दो स्विफ्ट कार भिड़ीं, 6 लोगों की मौत, 3 की हालत गंभीर

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।