1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. हर महीने MP से दिल्ली आते, दिन में घरों की टोह लेते, फिर रात में कर देते थे हाथ साफ; 3 ताला-चाबी बनाने वाले गिरफ्तार

हर महीने MP से दिल्ली आते, दिन में घरों की टोह लेते, फिर रात में कर देते थे हाथ साफ; 3 ताला-चाबी बनाने वाले गिरफ्तार

 Published : May 01, 2025 05:15 pm IST,  Updated : May 01, 2025 05:15 pm IST

आरोपी चोरी करने के इरादे से हर महीने दिल्ली आते थे। महिपालपुर में एक होटल का कमरा बुक करने के बाद वे दिन के दौरान बंद घरों की टोह लेते थे और रात में अपने अपराधों को अंजाम देने के लिए स्थानीय दोपहिया वाहन चुरा लेते थे।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

दिल्ली पुलिस ने मध्य प्रदेश से 3 लोगों की गिरफ्तारी के साथ लुटेरों के एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो बंद घरों को निशाना बनाकर कीमती सामान चोरी कर लेते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी सुरजीत सिंह (41), अनिल सिंह (32) और कीर्तन सिंह (24) पेशे से ताला-चाबी बनाने का काम करते थे और घरों में सेंध लगाने के लिए अपनी इस विशेषज्ञता का इस्तेमाल करते थे। उनके कब्जे से सोने के आभूषण और 9 दोपहिया वाहनों सहित बड़ी मात्रा में चोरी की संपत्ति बरामद की गई है। 

इंदौर के रहने वाले हैं आरोपी

आरोपी मध्य प्रदेश के इंदौर के निवासी हैं और चोरी की वारदातों में शामिल रहे हैं। पुलिस ने 20 अप्रैल को विजय विहार इलाके में चोरी का एक मामला दर्ज होने के बाद अभियान शुरू किया। शिकायतकर्ता ने सोने के आभूषण और 50,000 रुपये नकद चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘कई टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया और संदिग्धों का पता लगाया। सुराग उन्हें महिपालपुर के एक होटल तक ले गए, जहां 50 से अधिक होटलों की तलाशी ली गई और 28 अप्रैल को तीनों को गिरफ्तार किया गया।’’

एक ही रात में 10 से ज्यादा घरों को बनाते थे निशाना 

अधिकारी ने कहा कि लगातार पूछताछ करने पर आरोपियों ने खुलासा किया कि वे चोरी करने के इरादे से हर महीने दिल्ली आते थे और दो हफ्ते के अंतराल में चोरी की कई वारदातों को अंजाम देते थे। महिपालपुर में एक होटल का कमरा बुक करने के बाद वे दिन के दौरान बंद घरों की टोह लेते थे और रात में अपने अपराधों को अंजाम देने के लिए स्थानीय दोपहिया वाहन चुरा लेते थे। वे अक्सर मध्य प्रदेश लौटने से पहले एक ही रात में 10 से अधिक घरों को निशाना बनाते थे। 

गहने-नकदी और ताला तोड़ने वाला औजार बरामद

बरामद की गई वस्तुओं में 22,000 रुपये से अधिक नकद, सोने की 10 चूड़ियां, दो हार, नौ अंगूठियां, सात जोड़ी झुमके और सोने की चार चेन शामिल हैं। ताला तोड़ने वाला एक विशेष उपकरण भी जब्त किया गया। पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘सुरजीत का आपराधिक रिकॉर्ड है, जिसमें शस्त्र अधिनियम के मामले सहित पहले के 10 मामले शामिल हैं। अनिल और कीर्तन के खिलाफ भी मध्य प्रदेश में चोरी के कई मामले दर्ज किए गए हैं। आगे की जांच जारी है।’’ (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

दिल्ली: महिला टॉयलेट के बाहर घूम रहे थे लड़के, टोका तो 2 लोगों को चाकू मारा

नैनीताल में भड़का सांप्रदायिक तनाव, 60 साल के शख्स ने किया नाबालिग लड़की का यौन उत्पीड़न

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।