ओडिशा के गंजाम जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां के ब्रह्मपुर में रेलवे स्टेशन और ट्रेन के कोच से यात्रियों का सामान चोरी करने के आरोप में एक पूर्व पैंट्री कार कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान कुलाड़ गांव निवासी कान्हू साहू के रूप में हुई है। वह भंजनगर थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। ब्रह्मपुर जीआरपी ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा उसके पास से चोरी का सामान भी बरामद किया गया है। इसमें सोने के आभूषण, 4 लाख रुपये कैश, एक लैपटॉप और तीन मोबाइल फोन शामिल हैं।
ब्रह्मपुर रेलवे स्टेशन पर की चोरी
जानकारी के मुताबिक, आंध्र प्रदेश के एक यात्री 10 सितंबर को ट्रेन से सफर कर रहे थे। जब ट्रेन ब्रह्मपुर रेलवे स्टेशन पहुंची, तो यात्री का बैग चोरी हो गया। बैग चोरी होने के बाद यात्री ने इसकी शिकायत ब्रह्मपुर जीआरपी थाने में दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने जांच के दौरान ब्रह्मपुर रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज की जांच के दौरान कान्हू साहू संदिग्ध के रूप में सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और जांच के दौरान उसके पास से चोरी का सामान बरामद किया गया।
पहले पैंट्री कार में अटेंडेंट था आरोपी
पुलिस के अनुसार, कान्हू साहू पहले प्रशांति एक्सप्रेस में पैंट्री कार अटेंडेंट के तौर पर काम कर चुका है। ट्रेन में पहले काम करने की वजह से उसे ट्रेन के संचालन और यात्रियों से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी होने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या कान्हू साहू ट्रेन में चोरी के दूसरे मामलों में भी शामिल रहा है। फिलहाल ब्रह्मपुर जीआरपी मामले की आगे जांच कर रही है और आरोपी से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
गहने और कैश समेत कई चीजें बरामद
ब्रह्मपुर जीआरपी थाना प्रभारी ने कहा, "हमनें ब्रह्मपुर जीआरपी थाना केस नंबर 118/2026 के अंतर्गत बीएनएस की धारा 305(c),112 के तहत भंजनगर निवासी कान्हू साहू को गिरफ्तार किया है। कान्हू के नाम पर पहले भी कई शिकायतें हैं। हमने आरोपी के पास से सोने के गहने और कैश समेत कई चीजें बरामद की हैं। प्रशांति एक्सप्रेस में एक चोरी हुई थी, जिसमें लगभग 13 लाख रुपए के गहने समेत कई चीजें शामिल थे। कान्हू ने उन्हें चुराया था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमनें कान्हू को आधी रात को हिरासत में लिया। हमनें कान्हू के पास से सभी वस्तुओं को बरामद कर लिया है। इस मामले में 2 और लोग भी शामिल हैं, जो अभी फरार हैं। हम जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लेंगे।" (इनपुट- शुभम कुमार)
यह भी पढ़ें-
संबलपुर में खूंखार बदमाश के साथ पुलिस एनकाउंटर, 24 से ज्यादा मामलों में आरोपी इरफान घायल