1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. राजस्थान में गैंगरेप करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, कई लड़कियों को बनाया शिकार

राजस्थान में गैंगरेप करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, कई लड़कियों को बनाया शिकार

 Published : Jan 19, 2022 11:32 pm IST,  Updated : Jan 19, 2022 11:32 pm IST

राजस्थान के प्रतापगढ़ की पुलिस अधीक्षक अमृता दुहान ने बुधवार को बताया कि यह 8 लोगों का गिरोह है।

Rajasthan Gangrape Group, Rajasthan Gangrape Gang Busted, Rajasthan Gangrape Gang- India TV Hindi
राजस्थान पुलिस ने मामले में 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है जिनमें से एक नाबालिग है। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

Highlights

  • यह गिरोह राजमार्ग पर लोगों से लूटपाट, महिलाओं के अपहरण व गैंगरेप की घटनाओं में संलिप्त रहा है।
  • एक खंडहर नुमा मकान से 4 युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से अवैध हथियार बरामद किया।
  • नाबालिग से गैंगरेप के 4 आरोपियों में से 3 दीपक पुत्र हीरालाल व दीपक पुत्र मोहन लाल व नाबालिग आरोपी हैं।

जयपुर: राजस्थान की प्रतापगढ़ जिला पुलिस ने इलाके के हाईवे से युवतियों व महिलाओं का अपहरण कर उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म के अनेक मामलों में लिप्त एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार करने का दावा किया है जिनमें से एक नाबालिग है। इन लोगों के मोबाइल से गैंगरेप से जुड़े अनेक संदिग्ध वीडियो क्लिप मिले हैं। इनमें से एक वीडियो क्लिप उस नाबालिग आदिवासी बच्ची की है जिसके साथ दिसंबर में गैंगरेप हुआ था और जिसने इस बारे में धरियावद थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था।

ज्यादातर सदस्यों की उम्र 20-25 साल के आसपास

राजस्थान के प्रतापगढ़ की पुलिस अधीक्षक अमृता दुहान ने बुधवार को बताया कि यह 8 लोगों का गिरोह है। इस गिरोह के ज्यादातर सदस्यों की उम्र 20-25 साल के आसपास है। यह गिरोह राजमार्ग पर लोगों से लूटपाट, महिलाओं के अपहरण व गैंगरेप की घटनाओं में संलिप्त रहा है। इनमें से 5 को पुलिस ने सोमवार देर रात गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा, ‘पुलिस को कई वीडियो क्लिप मिले हैं जिनमें आरोपी अलग-अलग लड़कियों से गैंगरेप करते हुए दिख रहे हैं। ऐसा ही एक वीडियो क्लिप उस नाबालिग आदिवासी बच्ची से गैंगरेप की है जिसके मामले में पुलिस आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी का प्रयास कर रही थी।’

‘पुलिस ने एक नाबालिग आरोपी को भी पकड़ा है’
अधिकारी ने बताया कि धरियावद थाना पुलिस ने सोमवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एक खंडहर नुमा मकान से 4 युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से अवैध हथियार बरामद किया। पुलिस ने एक नाबालिग आरोपी को भी पकड़ा है। पुलिस के अनुसार ये लोग पेट्रोल पंप में डकैती की योजना बना रहे थे। पुलिस दबिश के दौरान उनके 2-3 साथी फरार हो गए जिनकी तलाश की जा रही है। दुहन ने बताया कि पुलिस ने मौके से पुष्कर कीर, दीपक पुत्र हीरालाल और दीपक पुत्र मोहन लाल तथा पालिया उर्फ प्रकाश मीणा को गिरफ्तार किया है।

‘गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ की जा रही है’
पुलिस ने मौके पर आरोपियों के कब्जे से लोहे का पाइप, मिर्च पाउडर, एक धारदार चाकू, पतली नायलॉन की रस्सी, धारदार पुरानी तलवार, 2 50 इंच लंबे मजबूत लट्ठ एवं 2 मोटरसाइकिलें जब्त की है। गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि नाबालिग से गैंगरेप के 4 आरोपियों में से 3 दीपक पुत्र हीरालाल व दीपक पुत्र मोहन लाल व नाबालिग आरोपी हैं। चौथा आरोपी उन 3 लोगों में शामिल है जो पुलिस की दबिश के दौरान भाग गए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।